एजुकेशन

NEET UG री-एग्जाम में 2.79 लाख अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित, सामने आए चौंकाने वाले आंकड़े

NEET UG Re Exam: नीट यूजी री एग्जाम का रिजल्ट जारी हो गया है। यहां कुल 11.21 लाख छात्र उत्तीर्ण हुए हैं। बता दें 3 मई को हुई मूल परीक्षा की तुलना में करीब 2.79 लाख कम अभ्यर्थियों ने पुनर्परीक्षा दी। यह चौंकाने वाला आंकड़ा सामने आया है।

Image

नीट यूजी री एग्जाम में 2.79 लाख अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित

NEET UG Re Exam: मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-स्नातक) की 3 मई को हुई मूल परीक्षा की तुलना में करीब 2.79 लाख कम अभ्यर्थियों ने पुनर्परीक्षा दी। आधिकारिक आंकड़ों से यह जानकारी मिली। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने तीन मई को आयोजित इस परीक्षा को प्रश्नपत्र लीक होने के आरोपों के बीच 12 मई को रद्द कर दिया था। सीबीआई इस मामले की जांच कर रहा है।

पुनर्परीक्षा 21 जून को आयोजित की गई थी। पुनर्परीक्षा में 19,99,895 अभ्यर्थी शामिल हुए जबकि 3 मई को 22.05 लाख अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी। एनटीए ने इस महत्वपूर्ण परीक्षा का परिणाम बृहस्पतिवार को घोषित किया। एजेंसी के अनुसार, 11.21 लाख अभ्यर्थियों ने परीक्षा उत्तीर्ण की है।

नीट यूजी के लिए इतने लाख रजिस्ट्रेशन

परिणाम संबंधी आंकड़ों से पता चलता है कि पिछले वर्ष की तुलना में पंजीकरण की संख्या लगभग समान रही, लेकिन इस बार उल्लेखनीय संख्या में अभ्यर्थियों ने पुनर्परीक्षा नहीं दी। नीट-स्नातक 2026 के लिए 22.79 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। यह संख्या 2025 में हुए 22.76 लाख पंजीकरण से मामूली रूप से अधिक है। हालांकि, केवल 19.99 लाख अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए और 2,79,848 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। अनुपस्थित होने वाले अभ्यर्थियों की यह अब तक की सबसे अधिक संख्या है। कोविड-19 वैश्विक महामारी के दौरान 2020 में हुई परीक्षा में 2.30 लाख अभ्यर्थी शामिल नहीं हुए थे।

री एग्जाम में इतने प्रतिशत छात्र उपस्थित

तीन मई को आयोजित मूल परीक्षा में 22.05 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए थे और उपस्थिति 96.72 प्रतिशत रही थी। पुनर्परीक्षा में अभ्यर्थियों की उपस्थिति 87.72 प्रतिशत रही, जो 2020 के बाद से दर्ज की गई दूसरी सबसे कम उपस्थिति है।

देश की सबसे बड़ी प्रवेश परीक्षा

राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक देश की सबसे बड़ी स्नातक प्रवेश परीक्षा है। इस महत्वपूर्ण परीक्षा के लिए करीब 25 लाख अभ्यर्थी पंजीकरण कराते हैं। एनटीए चिकित्सा महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए हर वर्ष नीट आयोजित करता है। एमबीबीएस पाठ्यक्रम में 1,08,000 सीट उपलब्ध हैं। इनमें करीब 56,000 सीट सरकारी अस्पतालों और लगभग 52,000 सीट निजी महाविद्यालयों में हैं। दंत चिकित्सा, आयुर्वेद, यूनानी और सिद्ध चिकित्सा के स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए भी नीट के परिणाम का इस्तेमाल किया जाता है।

इनपुट- भाषा

Aditya Singh
आदित्य सिंहauthor

आदित्य सिंह टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में एजुकेशन सेक्शन पर लिखते हैं। मीडिया में 5 साल का अनुभव रखने वाले आदित्य सिंह स्कूली शिक्षा से लेकर प्रतियोगी परीक्षाओं, जॉब वैकेंसी, करियर ऑप्शन्स, बोर्ड रिजल्ट, एग्जाम टिप्स और करंट अफेयर्स—इन सभी पर उनकी पकड़ मजबूत है। तेजी से खबर ब्रेक करना और युवाओं को उपयोगी और प्रेरक जानकारी देना उनकी प्रमुख विशेषताओं में शामिल है। पांच साल से आदित्य सिंह लगातार एजुकेशन सेक्शन के लिए खबरें लिख रहे हैं और छह हजार से अधिक आर्टिकल पब्लिश कर चुके हैं। एक एजुकेशन राइटर के रूप में उनका फोकस हमेशा यही रहता है कि छात्रों और युवाओं तक सटीक, समय पर और उपयोगी जानकारी सबसे पहले पहुंचे।

और पढ़ें
End of Article