Bihar Weather Today: बिहार में कड़ाके की ठंड का कहर जारी है। बिहारवासियों को अभी ठंड से राहत मिलने के आसार कम है। पछुआ हवाएं चलने से ठंड बढ़ रही है और तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। हालांकि दिन में धूप खिलने से लोगों को ठंड से कुछ हद तक राहत मिल रही है, लेकिन शाम होते ही कंपकंपा देने वाली सर्दी की शुरुआत हो जाती है। यहां शरीर सुन्न कर देने वाली ठंड पड़ रही है। ठंड से बचने के लिए लोग हीटर और अलाव का सहारा ले रहे हैं। पछुआ हवाओं को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को बाहर जाते समय सिर ढकने की सलाह दी है। इस बीच मौसम विभाग ने बिहार के 29 जिलों में कोहरे का अलर्ट जारी किया है। इनमें से 5 जिले ऐसे भी हैं, जिनमें कोहरे के साथ कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया गया है।
बिहार में कोहरे का अलर्ट
मौसम विभाग ने बिहार के गोपालगंज, सिवान, सारण, पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, शिवहर, सीतामढ़ी, वैशाली, दरभंगा, समस्तीपुर, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया कटिहार, भागलपुर, बांका, जमुई, बेगूसराय, लखीसराय, शेखपुरा, मुंगेर, खगड़िया, मधेपुरा, सहरसा, पटना, नालंदा और जहानाबाद में कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। इस जिलों में विजिबिलिटी प्रभावित रहेगी। कम दृश्यता के कारण सड़क और रेल यातायात पर असर पड़ेगा।
बिहार के इन जिलों में कोल्ड डे का अलर्ट
पटना मौसम विज्ञान केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार, आज बिहार के पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी और सारण में कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में सर्द रातों के साथ भी सर्द रहेगा। सर्द हवाओं के कारण तापमान में कमी दर्ज की जाएगी। ठंड से बचने के लिए बिहार के लोग अलाव और हीटर का सहारा ले रहे हैं।
मुख्य शहरों का तापमान
रोहतास के डेहरी में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। उसके अलावा गया में 10 डिग्री, पश्चिमी चंपारण 11 डिग्री, भागलपुर 11.8 डिग्री, पूर्णिया 12.9 डिग्री, मुजफ्फरपुर 12.9 डिग्री, बक्सर 13.2 डिग्री और पटना में 14.1 डिग्री दर्ज किया गया है। इन जिलों में अधिकतम तापमान 15 से 27 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया है। आने वाले दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री की कमी आ सकती है। जनवरी के महीने में बिहार के लोगों को ठंड से राहत मिलने के आसार कम नजर आ रहे हैं।
