Bihar Ka Mausam (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 29-November-2025: बिहार में पिछले कई दिनों से सर्द पछुआ हवाओं के कारण तापमान लगातार नीचे लुढ़क रहा है। सूरज ढलते ही कनकनी बढ़ जाती है और सुबह का आगाज घने कोहरे के साथ हो रहा है। इसी बीच मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अब ठंड और ज्यादा तेज होने वाली है, क्योंकि इस सीजन का पहला शक्तिशाली पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। इसके प्रभाव से राज्य के अधिकांश इलाकों में तापमान एकदम से गिर सकता है और शीतलहर जैसी स्थिति भी बन सकती है।
जल्द बदलेगा मौसम का मिजाज
बिहार मौसम सेवा केंद्र के अनुसार, संभावित पश्चिमी विक्षोभ के असर से 1 दिसंबर से पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, गोपालगंज और सीवान सहित कई जिलों में तापमान में तेज गिरावट देखने को मिलेगी। आईएमडी ने भी अपने पूर्वानुमान में कहा है कि दिसंबर की शुरुआत से ही सर्दी में बढ़ोतरी तय है। आने वाले दिनों में राज्य के कई हिस्सों में कोल्ड डे और कोल्ड वेव जैसे हालात बन सकते हैं।
आज कैसा रहेगा बिहार का मौसम
शनिवार की सुबह राज्य के कई जिले कोहरे से ढंके नजर आए। पटना, पूर्णिया, पश्चिम चंपारण, सीतामढ़ी और गोपालगंज में मध्यम से घना कोहरा छाया रहा। खेतों में ओस की मोटी परत जमी देखी गई। शुक्रवार को भी कोहरे का असर जारी रहा, और पूर्णिया में विजिबिलिटी सिर्फ 500 मीटर दर्ज की गई थी। पूरे राज्य में न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 26-28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जाएगा।
बारिश की कितनी संभावना
दक्षिण भारत में दितवाह को लेकर अलर्ट है। कई राज्यों में भारी बारिश आ सकती है। लेकिन भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक 29 नवंबर से 3 दिसंबर तक बिहार में मौसम पूरी तरह शुष्क रहने वाला है, यानी बारिश की कोई संभावना नहीं है। इस दौरान अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। सुबह की आर्द्रता 85 से 90 प्रतिशत तक और दोपहर में लगभग 50 प्रतिशत दर्ज की जाएगी। पछुआ हवा की गति 5 से 6 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की संभावना है। आसमान साफ रहने के कारण रात के तापमान में लगातार गिरावट जारी रहेगी, जिससे ठंड का असर और बढ़ सकता है।
दिसंबर में पड़ेगी कड़ाके की सर्दी
मौसम विभाग ने चेतावनी देते हुए कहा कि दिसंबर के दूसरे सप्ताह से बिहार में कड़ाके की ठंड शुरू हो सकती है। कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री या उससे नीचे पहुंचने की संभावना है। राज्य सरकार ने इसे देखते हुए पहले से ही तैयारी शुरू कर दी है और सभी जिलों को जल्द से जल्द आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं।
शीतलहर से बचाव के लिए SOP जारी
आपदा प्रबंधन विभाग ने शीतलहर से बचाव के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) जारी की है। विभाग ने चेताया है कि दिसंबर से जनवरी के बीच हर साल भयावह शीतलहर बिहार को अपनी चपेट में लेती है। इस वर्ष भी पारा तेजी से गिर रहा है, इसलिए जिलों को बिना देरी किए राहत और बचाव उपायों को लागू करने को कहा गया है।
