Bihar Ka Mausam 25-Sep-2025: बिहार में अभी भी बारिश का दौर जारी है। प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की जा रही है। मौसमी गतिविधियों को देखते हुए आगामी तीन दिनों में भी प्रदेश में बारिश की संभावना है। आज बिहार के 19 जिलों में मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी किया है। साथ ही कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ वज्रपात का भी अलर्ट है। आइए अब आपको बताएं कैसा रहेगा आज मौसम का हाल और किन जिलों में होगी बारिश।
बिहार में बारिश की संभावना
बिहार के पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, साराण, शिवहर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया, अररिया, किशनगंज, कटिहार और सीतामढ़ी में आंधी-तूफान के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा अन्य जिलों में तेज धूप खिली रहेगी और उमस वाली गर्मी का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग की मानें तो पूरे नवरात्रि यानी दशहरे तक रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। लोगों को गर्मी से कुछ हद तक राहत मिलेगी।
लो प्रेशर एरिया के कारण बिहार में बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में सक्रिय लो प्रेशर एरिया का असर बिहार के मौसम पर देखने को मिल रहा है। यही कारण है कि कभी यहां गर्मी से लोगों का बुरा हाल हो रहा है तो दूसरे ही दिन जोरदार बारिश होने लगती है। इस बीच यह भी बताया का गया है कि म्यांमार और बांग्लादेश तट के पास एक और लो प्रेशर एरिया बनने की संभावना है। यदि ऐसा होता और यह सिस्टम मजबूत होता है तो बिहार के कई जिलों में जोरदार बारिश दर्ज की जाएगी।
