Bihar Ka Mausam (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 22-August-2025: बिहार में मानसून एक बार फिर पूरी तरह से सक्रिय हो गया है और राज्य भर में बारिश का सिलसिला तेज हो गया है। इस समय मानसून ट्रफ लाइन बिहार से होकर गुजर रही है, जिसके कारण 22 अगस्त यानी आज, शुक्रवार से 26 अगस्त तक राज्य में मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। इस अवधि के दौरान खासकर दक्षिणी और पूर्वी जिलों में मूसलाधार बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम वैज्ञानिकों ने इस दौरान अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट का अनुमान जताया है।
26 जिलों में अलर्ट
मौसम विभाग (IMD) ने 22 अगस्त,शुक्रवार को राज्य के 26 जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की है। दक्षिणी और पूर्वी जिलों में मूसलाधार बारिश की संभावना बनी हुई है। कई इलाकों में गरज के साथ बिजली गिरने और तेज हवाओं के चलने की संभावना को देखते हुए विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के वैशाली, गया, नवादा, औरंगाबाद, लखीसराय और शेखपुरा में 22 अगस्त को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में अगले 24 घंटों में अत्यधिक बारिश के आसार हैं। वहीं, पटना, समस्तीपुर, खगड़िया, नालंदा, कैमूर, रोहतास, जहानाबाद और जमुई जैसे जिलों में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है, जहां येलो अलर्ट प्रभावी है। इन जिलों में हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसके साथ ही पश्चिमी और दक्षिणी बिहार में भी चेतावनियां जारी की गई हैं।
पटना में भारी बारिश की संभावना
राजधानी पटना में भी आज का मौसम उमस भरा और बरसात से भरा रहेगा। अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। सुबह के समय आर्द्रता 95% और दोपहर में 85% तक पहुंच सकती है, जिससे दिनभर भारी उमस बनी रहेगी। आसमान में बादल छाए रहेंगे और मध्यम बारिश की संभावना है। साथ ही, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी को देखते हुए पटना में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
पिछले 24 घंटे की बारिश का हाल
राज्य में बीते 24 घंटे के दौरान कई इलाकों में झमाझम बारिश रिकॉर्ड की गई है। पटना के फतुहा में 24.8 मिमी, पूर्णिया के जलालगढ़ में 21.5 मिमी, मुंगेर के तारापुर में 13 मिमी, दानापुर में 16.2 मिमी और बांका जिले के कटोरिया में 11.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा बक्सर, कटिहार और बेलहर सहित अन्य जिलों में भी अच्छी खासी वर्षा दर्ज की गई है।
नागरिकों से सतर्कता की अपील
मौसम विभाग ने खासतौर से किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खुले खेतों में काम करने से बचने और बारिश या वज्रपात के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है। आम जनता से भी आग्रह किया गया है कि मौसम की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए अनावश्यक यात्राओं से बचें और प्रशासन की तरफ से जारी किए गए दिशा-निर्देशों का पालन करें।
