पटना

Bihar Weather 2-November-2025: बिहार में ‘मोंथा’ तूफान का असर हुआ कमजोर, आज से बदलेगा मौसम का मिजाज; IMD का आया अपडेट

Bihar Ka Mausam (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 2-November-2025 पटना, गया, भागलपुर, मुजफ्फरपुर में जाने आज बारिश होगी या नहीं? बिहार के मौसम का पूर्वानुमान: मोंथा चक्रवात का असर बिहार में अब कमजोर पड़ चुका है। पिछले कुछ दिनों से चल रहा बारिश का दौर अब थम गया है। हवा में मौजूद धूल और प्रदूषक कणों को काफी हद तक साफ हो गए हैं। अब राज्य में ठंड बढ़ेगी। आइए जानते हैं बिहार के मौसम के बारे में क्या है IMD का पूर्वानुमान।

Image

बिहार में मोंथा का असर खत्म, मौसम साफ रहेगा

Photo : Times Now Digital

Bihar Ka Mausam Aaj 2-November-2025: बिहार में पिछले तीन दिनों से चल रहा बारिश का दौर अब थमता दिख रहा है। ‘मोंथा’ चक्रवाती सिस्टम के कमजोर पड़ने के बाद रविवार से राज्य के अधिकतर जिलों में मौसम सामान्य होने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि आज प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की कोई खास संभावना नहीं है।

किन जिलों में रहेगी बूंदाबांदी की स्थिति

मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक कटिहार और किशनगंज ऐसे दो जिले हैं, जहां आसमान में हल्के बादल रह सकते हैं और बेहद हल्की बूंदाबांदी की गुंजाइश भी है। इन दोनों जिलों के लिए एहतियातन येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा पूरे बिहार में मौसम सामान्य और सूखा रहेगा। बाकी सभी जिलों को ग्रीन जोन में रखा गया है।

पटना में सुबह बादल, दिन में धूप

राजधानी पटना में रविवार सुबह हल्के बादल जरूर दिखाई दिए लेकिन दोपहर तक आसमान खुल जाएगा। दिन का अधिकतम तापमान लगभग 30 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने का अनुमान है। वहीं न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। ठंडी पछुआ हवा 10 से 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से बहने की संभावना है, जिससे सुबह और शाम में नमी के साथ हल्की ठंडक महसूस होगी।

अब बढ़ेगी ठंडक

IMD ने संकेत दिया है कि 2 नवंबर से 5 नवंबर के बीच बारिश का कोई नया सिस्टम बिहार को प्रभावित नहीं करेगा। दिन में हल्की धूप और रात में गुलाबी ठंड का एहसास बढ़ने लगेगा। उत्तर बिहार में सुबह के समय हल्की धुंध या कोहरा भी बनने की संभावना है। न्यूनतम तापमान 18 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 6 डिग्री तक की बढ़ोतरी संभव है।

मौसम हुआ साफ, हवा में सुधार

बीते दिनों की बारिश ने हवा में मौजूद धूल और प्रदूषक कणों को काफी हद तक साफ कर दिया है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश ने वायु गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार लाया। अब आगामी सप्ताह में लगातार धूप मिलने और हवा में नमी बढ़ने के साथ मौसम शुष्क बना रह सकता है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article