Bihar Ka Mausam (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 17-July-2025: बिहार में मानसून ने एक बार फिर से जोर पकड़ लिया है। जिसके चलते प्रदेश के कई जिलों में मूसलाधार बारिश हो रही है। लगातार बारिश के चलते नदियां भी उफान पर आ गई है और कई जगहों पर पानी भरने से बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। जिससे जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है। आज भी कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने चार जिलों में रेड अलर्ट और 4 अन्य जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान थंडरस्टॉर्म और ठनका गिरने की भी संभावना है। साथ ही तेज हवाएं भी चल सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
बिहार के इन जिलों में बारिश का अलर्ट
बिहार में आज नालंदा, वैशाली, मुजफ्फरपुर और सारण में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। जिसे देखते हुए मौसम विभाग ने इन जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा पटना, रोहतास, जहानाबाद, गया, सीतामढ़ी, औरंगाबाद, अरवल, बांका, खगड़िया, दरभंगा, समस्तीपुर, नवादा, शेखपुरा, मधुबनी, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, लखीसराय और बेगूसराय में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों ठनका गिरने का भी खतरा है। साथ ही 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। आज खराब मौसम को देखते हुए लोगों से घर में रहने और बिना वजह बाहर न निकले की सलाह दी गई है।
बिहार में उफान पर नदियां
बिहार में बारिश के चलते नदियां उफान पर है। प्रदेश के गयाजी, नवादा, जहानाबाद और सासाराम में बाढ़ जैसी स्थिति देखने को मिल रही है। वहीं झारखंड में पिछले कई दिनों से जारी भारी बारिश के चलते फल्गु नदी का जलस्तर पुराने रिकॉर्ड को पार कर गया है। सोन नदी के जलस्तर में भी बढ़ोत्तरी हो रही है, जिसके चलते डाउन स्ट्रीम बराज के 40 में से 38 गेट घोल दिए गए हैं। नदियों का जलस्तर बढ़ने से जहानाबाद-बिहार शरीब एनएच 33 पर पानी आ गया है। साथ ही कई गांव में भी बाढ़ का पानी पहुंच गया है।
बिहार में कहां-कितनी हुई बारिश
बिहार में बुधवार को कई जिलों में जोरदार बारिश हुई। इस दौरान मधुबनी में सबसे अधिक बारिश 225 मिमी दर्ज हुई। वहीं गयाजी के डोभी में 186.8 मिमी, शेरघाटी में 181.4 मिमी, फतेहपुर में 180.2 मिमी, समस्तीपुर के दलसिंहसराय में 139.6 मिमी, सहरसा के सोनबरसा में 126.8 मिमी, जमुई के खैरा में 136.4 मिमी, रोहतास के डेहरी में 88 मिमी, भागलपुर में 59.7 मिमी, वैशाली में 83 मिमी और पटना में 14.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
अभी भी कई जिलों में बारिश की कमी
एक तरफ जहां बिहार के कुछ जिलों में झमाझम बारिश से बाढ़ जैसे हालात देखने को मिल रहे हैं। वहीं दूसरी ओर कुछ जिले ऐसे भी है, जहां बारिश की कमी से सूखे जैसी स्थिति है। बिहार के 25 जिलों में 40 से 84 प्रतिशत तक बारिश कम हुई है। इनमें सीतामढ़ी में 84 फीसदी, सहरसा में 78 फीसदी और पूर्वी चंपारण में 76 फीसदी कम बारिश हुई है। वहीं प्रदेश में सबसे अधिक बारिश नवादा में सामान्य से 13 फीसदी अधिक रिकॉर्ड हुई है। यहां 321.4 मिमी बारिश हुई है। वहीं औरंगाबाद और जमुई में 10 फीसदी अधिक बारिश हुई है। हालांकि अभी भी प्रदेश में कुल 46 फीसदी तक कम बारिश हुई है। बिहार में मानसून में अब 349.1 मिमी बारिश की जगह 189 मिमी बारिश ही हुई है।
