Bihar Ka Mausam (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 28 June 2025: बिहार में आज सुबह से ही मौसम ने करवट ली है। पटना में आंशिक बादलों के बीच तेज धूप देखने को मिल रही है और फिलहाल बारिश थमी हुई है। हालांकि, आज शाम तक हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। गया और मुजफ्फरपुर में भी फिलहाल धूप खिली हुई है, वहीं पूर्वी हवाओं का असर लगातार बना हुआ है। शनिवार, 28 जून को बिहार के 13 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान है। इनमें से 6 जिलों में भारी बारिश की आशंका जताई गई है, जबकि पटना समेत 7 जिलों में मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। इसके अलावा राज्य के 25 जिलों में हल्की फुहारें पड़ने की संभावना है।
ऐसे में मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। जहां बारिश नहीं हो रही है, वहां उमस लोगों को परेशान कर रही है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 28 जून से 2 जुलाई के बीच अगले दो दिनों में भारी बारिश की संभावना नहीं है, हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। 30 जून से 1 जुलाई के बीच बिहार के कई इलाकों में हल्की से मध्यम वर्षा संभव है। इस दौरान अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। आर्द्रता सुबह के समय 90 से 95 प्रतिशत तक और दोपहर में 40 से 50 प्रतिशत के बीच रहने की संभावना है। अगले दो दिनों तक पूर्वी हवाएं 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी, उसके बाद पछुआ हवाओं के चलने की उम्मीद है।
IMD पटना का अलर्ट
IMD पटना के अनुसार, भभुआ, रोहतास, औरंगाबाद, कटिहार, किशनगंज और अररिया जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, भोजपुर, बक्सर, अरवल, पटना, गया, जहानाबाद, नालंदा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय और शेखपुरा में मध्यम बारिश होने की आशंका है। कुछ जिलों में बारिश फिलहाल जारी है। आकाशीय बिजली गिरने की संभावनाओं को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, आज दिन का अधिकतम तापमान 38°C तक पहुंच सकता है।
बिहार में आज का तापमान
बिहार के विभिन्न शहरों में मौसम की स्थिति में कुछ अंतर देखने को मिला। पूर्णिया में अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि मुजफ्फरपुर में तापमान 34.2 और 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटना में भी गर्मी का असर बरकरार रहा, जहां अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री और न्यूनतम 28.1 डिग्री सेल्सियस रहा, और आर्द्रता का स्तर 88% तक पहुंच गया। वहीं, भागलपुर में तापमान 32.9 डिग्री अधिकतम और 27.2 डिग्री न्यूनतम रहा, आर्द्रता 68% रही। इसके विपरीत, गया में मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहा जहां अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री और न्यूनतम 26.2 डिग्री दर्ज किया गया, तथा आर्द्रता का स्तर 55% पर रहा।
