Bihar Ka Mausam (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 10 July 2025: बिहार की राजधानी पटना में बुधवार को मौसम ने अलग रंग दिखाया। दिन में जहां उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल रहे, वहीं रात करीब नौ बजे जोरदार बारिश ने राहत पहुंचाई। पूरे दिन बादलों की आवाजाही बनी रही जिसका कारण झारखंड की ओर बना एक सिस्टम बताया जा रहा है। इस बारिश से राजधानी समेत वैशाली, मुजफ्फरपुर, सीवान और आसपास के जिलों में लोगों को कुछ हद तक राहत मिली। अब तक पटना में 15 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है।
हालांकि, राज्य में इस समय मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है। इधर-उधर हो रही छिटपुट बारिश के बावजूद उमस भरी गर्मी का असर बना हुआ है। IMD पटना के मुताबिक गुरुवार को पटना और आसपास के इलाकों में बादल छाए रह सकते हैं और कुछ स्थानों पर गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। वहीं रोहतास, औरंगाबाद, गया, नवादा, जमुई और बांका जिलों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। बिहार के करीब 20 जिलों में बारिश की भारी कमी दर्ज की गई है। सबसे ज्यादा सहरसा में, जहां सामान्य के मुकाबले 90% से भी कम बारिश हुई है। इसके अलावा सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, मधेपुरा, पूर्वी चंपारण और समस्तीपुर जैसे जिलों में भी बारिश की 50% से 90% तक की कमी देखी जा रही है।
ऐसा रहेगा आज का मौसम
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, आज से 14 जुलाई तक मानसून की सक्रियता कम रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकांश स्थानों पर मौसम शुष्क बना रह सकता है, हालांकि कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है, जबकि न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रह सकता है। सुबह के समय आर्द्रता 80 से 85 प्रतिशत और दोपहर में 45 से 55 प्रतिशत के बीच रहने की संभावना है। साथ ही, पूर्वी दिशा से औसतन 4 से 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
बिहार में आज का तापमान
बिहार के प्रमुख शहरों में तापमान और वायु गुणवत्ता का हाल इस प्रकार रहा, जहां पटना में अधिकतम तापमान 33.9°C और न्यूनतम तापमान 28.2°C दर्ज किया गया, वहीं यहां का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 96 रहा, जो मध्यम श्रेणी में आता है। मुजफ्फरपुर में तापमान 34.6°C अधिकतम और 28.2°C न्यूनतम रहा, AQI 54 रहा। गया में मौसम कुछ ठंडा रहा जहां अधिकतम तापमान 30.6°C और न्यूनतम 26.4°C रहा, साथ ही AQI 40 रहा जो अच्छी वायु गुणवत्ता को दर्शाता है। पूर्णिया में तापमान 33.8°C अधिकतम और 26.9°C न्यूनतम रहा, और यहां भी AQI 40 रहा। वहीं भागलपुर में तापमान 30°C अधिकतम और 26.7°C न्यूनतम दर्ज किया गया, और AQI 50 रहा जो ठीक स्तर पर है।
