पटना

Bihar News: पटना में बनेगी फिनटेक सिटी, 6 जिलों में नए औद्योगिक क्षेत्रों का निर्माण; नीतीश कैबिनेट ने 26 एजेंडे पास किए

बिहार में नीतीश कुमार की कैबिनेट बैठक में बिहार में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। इस योजना के तहत पटना में एक फिनटेक सिटी का निर्माण किया जाएगा। राज्य में नए उद्योग स्थापित करने वालों को मुफ्त भूमि और सब्सिडी जैसे कई लाभ प्रदान किए जाएंगे।

Image

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार

बिहार में इसी साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने तय हैं। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राजधानी पटना सहित समूचे बिहार में सियासी हलचल तेज है। एक तरफ विपक्ष सरकार को घरने में लगा हुआ है तो दूसरी तरफ सरकार की तरफ से लगातार नई-नई योजनाओं की घोषणा हो रही है, शिलान्यांस और उद्घाटन हो रहे हैं। इस बीच राज्य सरकार ने 26 प्रस्तावों को मंजूरी दी है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में आज यानी मंगलवार 26 अगस्त को हुई राज्य कैबिनेट की बैठक में 26 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इस बैठक में बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन पैकेज (BIPPP 2025) को स्वीकृति दी गई, जिसका उद्देश्य राज्य में उद्योगों को बढ़ावा देना है। इसके तहत पटना के पास फिनटेक सिटी स्थापित करने का निर्णय लिया गया है।

इसके अलावा, भोजपुर, रोहतास, शेखपुरा, शिवहर, दरभंगा और पूर्णिया जिलों में नए औद्योगिक क्षेत्रों की स्थापना के लिए 1927 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा, जिसके लिए 797 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया गया है। फिनटेक सिटी के लिए 242 एकड़ जमीन के अधिग्रहण के लिए 408 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है, जिससे लॉजिस्टिक क्षेत्र में निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

इसके अलावा, दिव्यांगजन उद्यमी योजना की शुरुआत की गई है, जिसके तहत दिव्यांग युवाओं को स्वरोजगार के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। BIPPP 2025 के तहत उद्यमियों को 25 एकड़ तक मुफ्त जमीन, ब्याज सब्सिडी और कैपिटल सब्सिडी जैसे कई लाभ दिए जाएंगे। यह कदम आगामी बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए उठाए गए हैं।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article