पटना

Bihar News: 1.11 करोड़ से भी अधिक नि:शक्तों को 1100 रुपये की पेंशन राशि देकर कई विकसित राज्यों के लिए मिसाल बना बिहार

Bihar News: बिहार में सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत कुल आधा दर्जन योजनाएं चलाई जा रही हैं। बढ़े हुए पेंशन दर से यानी 400 रुपये की जगह 1100 रुपये का भुगतान किए जाने से इन सभी पेंशन योजनाओं पर अब कुल 14682.13 करोड़ रुपये का वित्तीय बोझ बिहार सरकार को उठाना पड़ेगा।

Image

बिहार के सीएम नीतीश कुमार (फाइल फोटो- @JDU)

Bihar News: बिहार सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि में ढाई गुना की वृद्धि कर राज्य में नि:शक्त वृद्धों, विधवाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के जीवन को बेहतर बनाने की अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त कर दी है। सरकार के इस फैसले से राज्य के कुल एक करोड़, 11 लाख, 22 हजार, 825 नि:शक्त पेंशनधारियों को सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत अब 400 रुपए की जगह प्रतिमाह 1100 रुपये के पेंशन का भुगतान किया जाएगा। पेंशन की बढ़ी हुई दर का भुगतान जून महीने से शुरू कर दिया गया है और जुलाई माह के पेंशन में उन्हे बढ़ी हुई राशि का भुगतान किया जाएगा।

सालाना 9202.84 करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च

सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत नि:शक्त लोगों को इस तरह की आर्थिक मदद उपलब्ध कराने के मामले में बिहार अब देश के उन राज्यों में शुमार हो गया है, जहां एक करोड़, 11 लाख 22 हजार से भी अधिक लोगों को हर महीने सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत पेंशन के रूप में 1100 रुपये की राशि प्रदान की जा रही है। सरकार के इस निर्णय से बिहार को अब सालाना 9202.84 करोड़ रुपये के अतिरिक्त वित्तीय बोझ का वहन करना होगा।

पहले कितना होता था खर्च

समाज कल्याण विभाग के सामाजिक सुरक्षा निदेशालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत पुराने पेंशन की दर पर बिहार सरकार को प्रतिवर्ष कुल 5479.29 करोड़ रुपये के वित्तीय बोझ का वहन करना पड़ता था। जिसमें 1438.72 करोड़ रुपये केंद्र सरकार द्वारा और 4040.58 करोड़ रुपये का वहन बिहार सरकार को करना पड़ता था। बढ़े हुए पेंशन दर से यानी 400 रुपये की जगह 1100 रुपये का भुगतान किए जाने से इन सभी पेंशन योजनाओं पर अब कुल 14682.13 करोड़ रुपये का वित्तीय बोझ बिहार सरकार को उठाना पड़ेगा। जिससे राज्य सरकार को सालाना 9202.84 करोड़ रुपये के अतिरिक्त वित्तीय बोझ का वहन करना होगा।

सीएम नीतीश कुमार ने किया था ऐलान

उल्लेखनीय है विगत शनिवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में महिला संवाद कार्यक्रम की समीक्षा के क्रम में सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि को 400 रुपये से बढ़ाकर सीधे 1100 रुपये करने का फैसला लिया गया है। सामाजिक सुरक्षा निदेशालय से मिली जानकारी के अनुसार बिहार में सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत कुल आधा दर्जन योजनाएं चलाई जा रही हैं। इनमें इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना में कुल 35 लाख, 59 हजार, 807, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना में 6,32,596, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय नि:शक्तता पेंशन योजना में एक लाख, 10 हजार, 581, लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना में 8,64,922, बिहार नि:शक्तता पेंशन योजना के तहत 9,65,269 और मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के तहत 49,89,650 लोगों को सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत पेंशन का भुगतान किया जा रहा है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article