Gwalior Lift Incident: मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा सोमवार शाम ग्वालियर में एक लिफ्ट में फंस गए। वह जयेंद्रगंज इलाके में एक स्पोकन इंग्लिश कोचिंग संस्थान की नई शाखा का उद्घाटन करने पहुंचे आए थे। जब वे पहली मंजिल से तीसरी मंजिल पर जा रहे थे, इसी दौरान दूसरे फ्लोर पर तकनीकी खराबी के कारण लिफ्ट अचानक रुक गई। करीब 10 से 15 मिनट की कोशिश के बाद कर्मचारियों ने दरवाजा खोलकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
कोचिंग सेंटर की नई शाखा के उद्घाटन में पहुंचे थे मिश्रा
जानकारी के मुताबिक,ग्वालियर के लश्कर क्षेत्र में जयेंद्रगंज स्थित संजय कॉम्प्लेक्स के सामने 'ग्वालियर नंबर 01 स्पोकन इंग्लिश क्लासेस' की नई ब्रांच का उद्घाटन कार्यक्रम आयोजित किया गया था। डॉ. नरोत्तम मिश्रा इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होने पहुंचे थे। जैसे ही लिफ्ट ऊपर बढ़ी, दूसरे फ्लोर पर पहुंचते ही तकनीकी खराबी के कारण एक जोरदार झटके के साथ अचानक रुक गई। इस वजह से लिफ्ट के अंदर मौजूद लोग बाहर नहीं निकल सके।
कर्मचारियों ने मशक्कत के बाद खोला दरवाजा
लिफ्ट रुकने की जानकारी मिलने के बाद इमारत के कर्मचारियों और कार्यक्रम के आयोजकों में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों ने तुरंत लिफ्ट का दरवाजा खोलने का प्रयास शुरू किया। करीब 10 से 15 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद दरवाजा खोला जा सका और डॉ. मिश्रा को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद आयोजक, उनके सुरक्षाकर्मी और पुलिसकर्मी भी परेशान नजर आए। मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर साझा किया गया।
लिफ्ट से निकलने के बाद किया उद्घाटन
इस घटना के बाद डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कोचिंग संस्थान की नई शाखा का रिबन काटकर उद्घाटन किया। कार्यक्रम के बाद उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर तस्वीरें और वीडियो साझा किए। उन्होंने कोचिंग संस्थान को युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए एक बेहतर विकल्प बताया। वहीं, इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
