पटना

बिहार सरकार का महिलाओं को पिंक टॉयलेट का तोहफा, सेनेटरी पैड की व्यवस्था भी होगी

बिहार सरकार ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत राज्य के कुल 16 निकायों में 100 सीट के पिंक टॉयलेट बनाने का लक्ष्य रखा है। अच्छी बात यह है कि महिलाओं को इन पिंक टॉयलेट में सेनेटरी पैड की सुविधा भी मिलेगी और इस्तेमाल हो चुके सेनेटरी पैड के निस्तारण की सुविधा भी होगी।

Image

बिहार में महिलाओं के लिए बनेंगे पिंक टॉयलेट (फोटो - बिहार सरकार फेसबुक पेज)

बिहार में महिलाओं की सुरक्षा और संरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने पिंक टॉयलेट का निर्माण शुरू करवाया है। निकायों में पिंक टॉयलेट का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है, जिनका संचालन और उपयोग महिलाएं करेंगी। सार्वजनिक स्थलों पर यौन उत्पीड़न और हिंसा से सुरक्षा के साथ ही महिलाओं के स्वास्थ्य व गरिमा को बनाए रखने के लिए भी सरकार की यह पहल प्रशंसनीय है।

सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा और निजी स्वच्छता सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए पिंक टॉयलेट उपलब्ध कराने की पहल की है। वित्त वर्ष 2025-26 के बजट भाषण में राज्य सरकार ने महिलाओं के लिए पिंक टॉयलेट बनाने की घोषणा की थी।

राज्य सरकार की उक्त घोषणा के तहत महिलाओं के लिए कई शहरों में स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के तहत कुल 10 निकायों में 70 सीटों के पिंक टॉयलेट बनाए जा रहे हैं। यही नहीं सरकार की 6 नगर निकायों में भी 30 सीटों की पिंक टॉयलेट बनाने की योजना है।

पिंक टॉयलेट के निर्माण के लिए कुल 2.50 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। बिहार में बड़े पैमाने पर उच्च कोटि की स्वच्छता और अन्य सुविधाओं युक्त पिंक टॉयलेट बनाए जा रहे हैं।

नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री जिवेश कुमार का कहना है कि महिलाओं और लड़कियों को उच्च कोटि की निजी स्वच्छता सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में पिंक टॉयलट एक नवील पहल है। इन पिंक टॉयलेट में बिजली, पानी, साफ-सफाई के साथ सेनेटरी पैड की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाएगी।

इन नगर निकायों में बनेंगे पिंक टॉयलेट

विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह ने उन निकायों की जानकारी दी, जिनमें पिंक टॉयलेट बनाए जाएंगे। यै हैं उनके नाम -

गयाजी नगर निगम

मुजफ्फरपुर नगर निगम

बिहारशरीफ नगर निगम

पूर्णिया नगर निगम

सासाराम नगर निगम

सीतामढ़ी नगर निगम

राजगीर नगर परिषद

बोधगया नगर परिषद

सुल्तानगंज नगर परिषद

भभुआ नगर परिषद

बड़हिया नगर परिषद

बक्‍सर नगर परिषद

जाले नगर परिषद

सिंहवाड़ा नगर पंचायत

कमतौल-अहियारी नगर पंचायत

देव नगर पंचायत

पिंक टॉयलेट में इस्तेमाल हो चुके सेनेटरी पैड के निस्तारम की भी सुविधा होगी। पिंक टॉयलेट के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए जाएंगे। इन पिंक टॉयलेट में महिला केयर टेकर को तैनात किया जाएगा।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article