Bihar Election 2025: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को बिहार में कई जनसभाओं को संबोधित करेंगे और पटना में एक रोड शो में हिस्सा लेंगे। प्रधानमंत्री का पटना में यह तीसरा रोड शो होगा। इससे पहले उन्होंने पिछले वर्ष लोकसभा चुनाव के दौरान और इस साल ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद रोड शो किया था। रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी क्रमशः राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन और ‘इंडिया’ गठबंधन के उम्मीदवारों के समर्थन में राज्य के विभिन्न हिस्सों में कई जनसभाएं करेंगे।
पीएम मोदी के रोड शो के लिए पुख्ता इंतजाम
प्रधानमंत्री रविवार को आरा और नवादा में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। वे शाम को राजधानी पटना में रोड शो में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री के रोड शो को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कार्यक्रम से पहले मोदी राज्य की राजधानी में राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। प्रधानमंत्री का रोड शो शाम को दिनकर गोलंबर से शुरू होगा, जो ठाकुरबाड़ी रोड और बाकरगंज होते हुए गांधी मैदान के समीप उद्योग भवन तक जाएगा। बाद में मोदी तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब गुरुद्वारा में मत्था टेकेंगे।
राहुल गांधी और अमित शाह की जनसभाएं कहां होंगी
राहुल गांधी रविवार को बेगूसराय और खगड़िया में चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे। वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज मुजफ्फरपुर और वैशाली आएंगे। जहां वे जनसभाओं को संबोधित करेंगे। बिहार विधानसभा की 243 सीट के लिए दो चरण में चुनाव होने हैं। पहले चरण में छह नवंबर को 121 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होगा, जबकि दूसरे चरण में 11 नवंबर को शेष सीट पर वोट डाले जाएंगे।
(इनपुट - भाषा)
