4 May 2025 Bihar mein Aaj ka Mausam (बिहार में आज का मौसम): बिहार की राजधानी पटना सहित सभी जिलों में आज, रविवार को आंधी, बारिश और ठनका गिरने का खतरा बना हुआ है, जिसके चलते IMD के द्वारा अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान तेज हवाएं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की संभावना है। इसका असर रात से ही दिखने लगा, और आधी रात के बाद सुबह 3 बजे तक पटना और वैशाली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया। आज पूर्णिया, कटिहार समेत पूर्वी बिहार के 12 जिलों में मौसम का प्रभाव सबसे अधिक पड़ सकता है। मौसम विभाग के द्वारा इन जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। आज, रविवार को आसमान में बादलों की गतिविधि लगातार बनी हुई है, और धूप-छांव के बीच आंख-मिचौली का सिलसिला जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र ने पूरे बिहार में येलो अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में बरसात का अलर्ट
आज रविवार को पूरे बिहार में IMD द्वारा येलो अलर्ट घोषित किया गया है। तेज आंधी, मूसलाधार बारिश और ठनका गिरने की आशंका जताई गई है। इसका सबसे अधिक प्रभाव सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर और खगड़िया जिलों में देखा जा सकता है। अन्य जिलों में एक या दो स्थानों पर वर्षा होने की संभावना है। हालांकि, कुछ समय के लिए बादलों के बीच धूप भी नजर आ सकती है।
तापमान बढ़ने की संभावना
बिहार में तापमान को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। बारिश के बावजूद तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है। 3 मई को अधिकतम तापमान 39°C रहा। पटना के मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक आशीष कुमार के अनुसार, 6 मई से राज्य में पछुआ हवाएं चलने की संभावना है, जिससे तापमान में और बढ़ोतरी होगी। पश्चिमी बिहार के जिलों—पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, और अरवल में अगले दो-तीन दिनों तक हीट वेव का अलर्ट रहेगा। हालांकि, पूर्वी और उत्तरी क्षेत्रों में हीट वेव की तीव्रता अपेक्षाकृत कम रहने की उम्मीद है। आज तापमान 40°C से ऊपर बना रह सकता है।
79 वर्षों का रिकॉर्ड टूटा
इस साल अप्रैल में भारी बारिश हुई, जिसने पिछले 79 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। 11 अप्रैल को पटना में 42.6 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे नदियों को पर्याप्त पानी मिला और भूमि की नमी बनी रही। ये खरीफ फसल के लिए लाभदायक सिद्ध होगा। पूरे अप्रैल माह में 170 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई, जिससे मौसम का ये ऐतिहासिक बदलाव देखने को मिला। ऐसे में, बिहार में मौसम का बदलना अब तक जारी है।
