पटना

Bihar Weather: बिहार में जारी रहेगा भारी बारिश का दौर, आंधी-ठनके को लेकर IMD ने जारी की चेतावनियां

आज का मौसम बिहार, 28 April 2025 Bihar mein Aaj ka Mausam kaisa Rahega: बिहार में बारिश का दौर शुरू हो चुका है। जिससे तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की गई है। गर्मी से राहत देने वाली बारिश परेशानी का सबब भी बन सकती है। आज, यानी सोमवार को भी बारिश आंधी और ठनके की संभावना है। तेजी से बदले इस मौसम को देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कई अलर्ट जारी किए हैं। आइए जानते हैं बिहार में कैसा रहेगा आज का मौसम।

Image

बिहार को मिली गर्मी से राहत

Photo : Times Now Digital

Bihar Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: बिहार में मौसम बदल चुका है। अधिकांश जिलों में जोरदार बारिश हो रही है और आज भी ऐसे ही आसार हैं। पटना समेत कई जिलों में पूरे हफ्ते बारिश का दौर चलने वाला है। इसके साथ वज्रपात और आंधी की स्थिति भी बनती दिख रही है। जिसको लेकर मौसम विभाग (IMD) ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। रविवार को कुछ जिलों में खतरे को देखते हुए रेड अलर्ट भी जारी किया गया था।

कैसा रहेगा आज का मौसम

आज, सोमवार को प्रदेश भर में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। गर्मी से मिले राहत के साथ ही आंधी-बारिश का दौर आज भी जारी रहेगा। राज्य के उत्तरी हिस्से में यानी पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, सुपौल, सहरसा, खगड़िया, बेगूसराय और मुजफ्फरपुर के इलाकों में तेज हवा चलेगी, जिसकी रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटे जा सकती है। इसके साथ ही आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है, जिसको देखते हुए मौसम विभाग ने इन इलाकों समेत 19 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। दक्षिण बिहार के इलाके, जिसमें रोहतास, औरंगाबाद, गया, नवादा, जमुई, बांका और भागलपुर जिले आते हैं, यहां भी तेज हवा और ठनके की आशंका जताते हुए इन इलाकों समेत 17 जिलों येलो अलर्ट जारी किया गया है।

IMD ने खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और सावधान रहने की अपील की है।

कैसा रहेगा कल का मौसम

कल, यानी मंगलवार को प्रदेश के उत्तर-मध्य और उत्तर पश्चिम हिस्सों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने यहां तड़क-गरज के साथ आकाशीय बिजली और आंधी की आशंका जताई है। इसके तहत पश्चिमी और पूर्वी चंपारण, सीवान, सारण, गोपालगंज, सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर और समस्तीपुर को सावधान रहने और मौसमी गतिविधियों पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।

पटना का मौसम

पटना में आज का अधिकतम तापमान 37 डिग्री रहेगा और न्यूतम तापमान 27 डिग्री दर्ज किया जाएगा। 26 अप्रैल के बाद तापमान में काफी तेजी से गिरावट देखी गई है। शनिवार, 26 अप्रैल को पटना में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था जो रविवार को हुए मौसमी बदलाव के कारण गिरकर 37 डिग्री पर आ गया। आज पटना में आसमान पर बादल छाए रहेंगे। इसके साथ बारिश, आंधी और ठनके की संभावना भी जताई गई है। यही हाल लगभग पूरे सप्ताह रहने वाला है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!