शहर

Bihar : स्वास्थ्य मंत्री का बड़ा एक्शन, PMCH के प्राचार्य डॉ. नरेंद्र प्रताप हटाए गए, डॉ. गीता सिन्हा को मिला अतिरिक्त प्रभार

बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने पीएमसीएच का निरीक्षण किया था। इस दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं में कई खामियां सामने आई थीं। निरीक्षण के समय डॉ. नरेंद्र प्रताप भी मौजूद नहीं पाए गए थे, जिसके बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की अटकलें तेज हो गई थीं।

Image

बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार (फोटो-ANI)

पटना : बिहार सरकार ने पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) के प्राचार्य डॉ. नरेंद्र प्रताप को उनके पद से हटा दिया है। स्वास्थ्य विभाग ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है। उनकी जगह डॉ. गीता सिन्हा को पीएमसीएच के प्राचार्य का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

बताया जा रहा है कि हाल ही में बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने पीएमसीएच का निरीक्षण किया था। इस दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं में कई खामियां सामने आई थीं। निरीक्षण के समय डॉ. नरेंद्र प्रताप भी मौजूद नहीं पाए गए थे, जिसके बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की अटकलें तेज हो गई थीं। स्वास्थ्य विभाग ने अब नेतृत्व परिवर्तन का फैसला लेते हुए नया आदेश जारी किया है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।

पीएमसीएच बिहार का सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल और मेडिकल शिक्षण संस्थान है। ऐसे में प्राचार्य पद पर हुए इस बदलाव को स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

मंत्री निशांत कुमार के आदेश पर एक्शन

विभाग के मुताबिक, मंत्री निशांत कुमार के दौरे के क्रम में डॉ. सिंह ने न तो अवकाश के लिए कोई आवेदन दिया था, न ही अपनी अनुपस्थिति की सूचना दी थी और न ही किसी अन्य अधिकारी को प्रभार सौंपा था। इतना ही नहीं, उनके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन भी रिसीव नहीं किया।

स्वास्थ्य विभाग ने जब उनकी अनुपस्थिति का सत्यापन कराया तो पाया गया कि कार्यालय अवधि के दौरान डॉ. नरेंद्र प्रताप सिंह अपने निजी क्लिनिक में मौजूद थे। सत्यापन के दौरान उनके क्लिनिक के बाहर विभागीय सरकारी वाहन भी खड़ा पाया गया। विभाग ने इसे सरकारी संसाधनों के निजी उपयोग के लिए दुरुपयोग की श्रेणी में माना है। अधिसूचना में कहा गया है कि डॉ. सिंह का यह कृत्य पदीय दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही, कर्तव्यहीनता, सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग और अनधिकृत अनुपस्थिति को दर्शाता है। इसी आधार पर प्रशासनिक दृष्टिकोण से उन्हें तत्काल प्रभाव से प्राचार्य, पीएमसीएच के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।

स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस प्रस्ताव को सक्षम प्राधिकार की मंजूरी प्राप्त है। विभागीय कार्रवाई को पीएमसीएच प्रशासनिक व्यवस्था में जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

Saket kumar
साकेत कुमारauthor

साकेत कुमार के पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 18 वर्षों का लंबा अनुभव है। वर्तमान में वह Times Now Navbharat के पटना ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं और बिहार की राजनीति, प्रशासन, सामाजिक मुद्दों और ग्राउंड रिपोर्टिंग में गहरी पकड़ रखते हैं। उन्होंने अपने करियर के दौरान कई महत्वपूर्ण खबरों को कवर किया है और निष्पक्ष, तथ्यपरक और सटीक रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं। साकेट की रिपोर्टिंग में जमीनी हकीकत, गहन रिसर्च और दर्शकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने की प्रतिबद्धता साफ दिखाई देती है।

और पढ़ें
End of Article