राजधानी पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र अंतर्गत मुसल्लहपुर इलाके से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां खान सर के 'खान ग्लोबल कोचिंग सेंटर' के पिछले हिस्से में अचानक आग लग गई। जानकारी के अनुसार, कोचिंग के पिछले भाग में स्थित एक पावर सर्किट में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके बाद तेज चिंगारियां निकलने लगीं और देखते ही देखते आग भड़क उठी। घने कोचिंग हब वाले इस इलाके में आग लगने की खबर से थोड़ी देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।
घटना के तुरंत बाद कोचिंग सेंटर के सुरक्षाकर्मियों और अन्य कर्मचारियों ने सूझबूझ का परिचय दिया। बिना वक्त गंवाए कोचिंग में मौजूद अग्निशमन उपकरणों का इस्तेमाल कर कर्मियों ने खुद ही आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया। कर्मियों की इस कार्रवाई के कारण आग को आगे फैलने से समय रहते रोक दिया गया, जिससे एक बहुत बड़ा हादसा होने से टल गया।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही कदमकुआं थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग के तरफ़ से फायर ब्रिगेड की गाड़ी तुरंत मौके पर पहुंच गई। हालांकि, दमकल टीम के पहुंचने से पहले ही कोचिंग के स्टाफ ने आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया था। अग्निशमन कर्मियों ने मौके पर पहुँचकर जांच की और यह सुनिश्चित किया कि कहीं भी आग का कोई खतरा शेष न रहे, जिसके बाद प्रशासन और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
इस हादसे के तुरंत बाद एहतियात के तौर पर इलाके की बिजली काट दी गई थी और स्थानीय बिजली विभाग को मामले की तकनीकी खराबी के बारे में सूचित किया गया। विद्युत विभाग की टीम ने मौके पर पहुँचकर क्षतिग्रस्त पावर सर्किट को दुरुस्त किया और सुरक्षा मानकों की जांच की। जांच प्रक्रिया पूरी होने और स्थिति पूरी तरह सामान्य होने के बाद इलाके में विद्युत आपूर्ति दोबारा बहाल कर दी गई है।
