Bihar News: बिहार में शराबबंदी कानून लागू होने के बावजूद अवैध शराब तस्करी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इसी कड़ी में मद्य निषेध विभाग (Excise Department) ने पटना में बड़ी कार्रवाई करते हुए विदेशी शराब की एक बड़ी खेप जब्त की है। विभाग ने अगमकुआं थाना क्षेत्र के धनकी मोड़ के पास गांधी सेतु रोड पर एक ट्रक से करीब 440 कार्टन विदेशी शराब बरामद की है। इस मामले में एक तस्कर को भी मौके से गिरफ्तार किया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
10 हजार से ज्यादा शराब की बोतलें बरामद
मद्य निषेध विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि हरियाणा से एक ट्रक में बड़ी मात्रा में शराब बिहार लाई जा रही है। सूचना के आधार पर असिस्टेंट एक्साइज कमिश्नर प्रेम प्रकाश के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई। जिसके बाद धनकी मोड़ के पास गांधी सेतु मार्ग पर चेकिंग शुरू हुई। इस दौरान एक संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई। ट्रक से 10 हजार से अधिक बोतलें बरामद हुई हैं। जिसकी बाजार कीमत करीब 48 लाख रुपये बताई जा रही है।
हरियाणा से दरभंगा जा रही थी शराब की खेप
इस मामले में एक व्यक्ति को मौके से पकड़ा गया है। जिसकी पहचान बिंटू कुमार के रूप में हुई है जो हरियाणा के रोहतक का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस और एक्साइज विभाग उससे पूछताछ कर रहे हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि शराब की यह खेप हरियाणा से दरभंगा लाई जा रही थी। हालांकि शराब मंगाने वाले व्यक्ति या गिरोह के बारे में अभी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए मामले की गहनता से जांच जारी है।
