शहर

Patna News: बच्ची के मुंह बिचकाने पर भिड़े दो पक्ष, जमकर चले ईंट-पत्थर, भारी पुलिस बल तैनात

Patna News: पटना के मकसूदपुर गांव में शनिवार रात एक बच्ची के मुंह बिचकाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। झगड़ा बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच ईंट-पत्थर चलने लगे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात काबू किए।

Image

पटना के मकसूदपुर में बवाल, मामूली बात पर भिड़े दो पक्ष

Photo : Times Now Digital

Patna Dispute: बिहार की राजधानी पटना में शनिवार रात मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक बच्ची के मुंह बिचकाने जैसी छोटी सी बात पर एक ही समुदाय के दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों तरफ से जमकर ईंट-पत्थर चलने लगे। इस खूनी संघर्ष में दर्जनों लोगों के घायल होने की सूचना है, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया है। पुलिस ने मौके पर आकर स्थिति संभाली।

पुलिस प्रशासन मुस्तैद, भारी बल तैनात

यह घटना फतुहा थाना क्षेत्र के मकसूदपुर गांव की है। विवाद की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। एहतियात के तौर पर गांव में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस इलाके में लगातार गश्त कर रही है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रही है।

फतुहा के एसडीपीओ (SDPO) अवधेश कुमार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि दो पक्षों के बीच झगड़े की वजह एक बच्ची का मुंह बिचकाना था। इस छोटी सी बात ने झगड़े का रूप ले लिया और बात इतनी बढ़ी कि दोनों पक्षों के लोग उग्र हो गए। जिसके बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर ईंट-पत्थरों से हमला बोल दिया। इस झड़प में दोनों पक्षों के दर्जनों लोग जख्मी हो गए हैं।

पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की

एसडीपीओ ने बताया कि फिलहाल दोनों पक्षों की तरफ से थाने में कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस हिंसा के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल थे। पुलिस ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और पुलिस सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई करने की बात कह रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article