शहर

Odisha: घर में आग लगने से फटे 7 सिलेंडर, एक के बाद हुए जोरदार धमाके, भरभरा कर गिरा मकान

ओडिशा के बालेश्वर जिले में नौपालगाड़ी इलाके में एक घर में 60 से ज्यादा अवैध सिलेंडर रखे हुए थे। घर में शॉर्ट सर्किट से आग लगने के कारण एक के बाद एक 7 से ज्यादा सिलेंडर ब्लास्ट हुए। जिससे पूरा मकान भर भराकर गिर गया। इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नही है।

Image

सांकेतिक फोटो

Photo : iStock

Fire in Odisha: ओडिशा के बालेश्वर जिले के मेरांटा पुलिस स्टेशन क्षेत्र में आने वाले नौपालगाड़ी इलाके में सोमवार को एक घर में आग लग गई। जिससे घर में अवैध रूप से रखे गए कई गैस सिलेंडर फट गए। यह विस्फोट इतनी तेज था कि घर पूरी तरह से नष्ट हो गया। इस घटना में एक के बाद एक सात से अधिक सिलेंडरों में विस्फोट हुआ, जिससे परिसर पूरी तरह ध्वस्त हो गया। जोरदार धमाकों की आवाज से आसपास के लोग दहशत में आ गए और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग

स्थानीय पुलिस और अग्निशमन विभाग के अनुसार, यह विस्फोट बैटरी से चलने वाले स्कूटर के चार्जर में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग से शुरू हुआ। आग तेजी से फैली और अवैध रूप से रखे गए सिलेंडरों में आग लग गई, जिससे भयानक विस्फोट हुआ। धमाकों की आवाज इतनी तेज थी कि कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी और लोग डर के मारे अपने घरों से बाहर भागे।

दुकान में थे 60 अवैध सिलेंडर

आवासीय दुकान परिसर के अंदर 60 से अधिक गैस सिलेंडर अवैध रूप से रखे गए थे , जिसका इस्तेमाल अस्थायी गैस वितरण के रूप में किया जा रहा था। अग्निशमन सेवा विभाग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचा और आग पर काबू पा लिया, जिससे और अधिक नुकसान होने से बच गया। अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन घर पूरी तरह से मलबे में तब्दील हो चुका है।

अवैध गैस सिलेंडर का कारोबार

पुलिस सूत्रों ने पुष्टि की है कि एस.के. हाफिज नामक एक होमगार्ड परिसर से अवैध गैस सिलेंडर का कारोबार चला रहा था। स्थानीय लोगों ने सख्त कानूनी कार्रवाई और आवासीय क्षेत्रों में इस तरह की जानलेवा अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए कड़ी सतर्कता की मांग की है। हाफिज के खिलाफ अवैध कारोबार और सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अन्य संदिग्धों की भी तलाश कर रही है जो इस कारोबार से जुड़े हो सकते हैं। जिला प्रशासन ने भी इस घटना को गंभीरता से लिया है और ऐसे अवैध कारोबारों पर नकेल कसने के लिए विशेष अभियान चलाने की बात कही है।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article