Odisha Flood: ओडिशा में हो रही मूसलाधार बारिश के चलते नदियां उफान पर हैं और कई जिलों में बाढ़ से हालात बेहद नाजुक बने हुए हैं। इसी बीच ढेंकानाल जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां उफनती नदी के ऊपर बने पुल को पार करने की कोशिश में एक भारी-भरकम जेसीबी (JCB) मशीन पानी के तेज बहाव में बह गई। राहत की बात यह रही कि समय रहते JCB ऑपरेटर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
रामियाल पुल पर हुआ हादसा
यह खौफनाक घटना ढेंकानाल जिले की मार्थापुर पंचायत स्थित रामियाल पुल पर घटी। मिली जानकारी के अनुसार, JCB मशीन मार्थापुर गांव से ओढ़णा गांव की ओर जा रही थी। रास्ते में रामियाल पुल के ऊपर से बाढ़ का पानी बहुत तेजी से बह रहा था जैसे ही चालक ने मशीन को पुल से निकालने का प्रयास किया, पानी के वेग के कारण JCB अनियंत्रित हो गई और देखते ही देखते नदी के गहरे पानी में समा गई।
स्थानीय लोगों की मुस्तैदी से बचा ऑपरेटर
मशीन बहते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने गनीमत दिखाते हुए तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और प्रशासन की मदद से JCB ऑपरेटर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, पानी का बहाव इतना तेज था कि पूरी JCB मशीन बह गई।
प्रशासन की सख्त अपील
लगातार बारिश के कारण ओडिशा की कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। भद्रक जिले में भी हालात बेकाबू हो गए हैं। बाढ़ से जिले के 261 गांवों की करीब 2.45 लाख आबादी प्रभावित हुई है। ढेंकानाल में हुए इस हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे उफनती नदियों और जलमग्न पुलों को पार करने का जोखिम बिल्कुल न उठाएं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है, इसलिए मौसम सामान्य होने तक पूरी सतर्कता बरतें।
