शहर

Odisha: खराब मौसम के चलते हवा में डायवर्ट हुआ CM मोहन माझी का हेलीकॉप्टर; कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग

Odisha News: ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के हेलीकॉप्टर को सोमवार शाम अचानक मौसम बिगड़ने के कारण पुरी के समंग अस्थाई हेलीपैड पर एहतियाती तौर पर सुरक्षित लैंड कराना पड़ा।

Image

पुरी के समंग हेलीपैड पर उतरा सीएम मोहन माझी का हेलीकॉप्टर

Photo : ANI

Odisha News: ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के हेलीकॉप्टर को सोमवार शाम अचानक मौसम बिगड़ने के कारण पुरी के समंग अस्थाई हेलीपैड पर एहतियाती तौर पर सुरक्षित लैंड कराना पड़ा। मुख्यमंत्री के साथ हेलीकॉप्टर में राज्य के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मुकेश महालिंग और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। प्रशासन ने पुष्टि की है कि मुख्यमंत्री और उनके साथ सवार सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।

मयूरभंज से लौटते समय बारिश ने बिगाड़ा खेल

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी मयूरभंज जिले के बारीपदा में एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद शाम को हेलीकॉप्टर से राजधानी भुवनेश्वर लौट रहे थे। जब हेलीकॉप्टर भुवनेश्वर के आसमान के करीब पहुंचा, तो आंधी-बारिश के कारण मौसम बेहद खराब हो गया। भुवनेश्वर के बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (BPIA) के एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने तेज आंधी और लगभग 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवाओं को देखते हुए हेलीकॉप्टर को भुवनेश्वर में लैंडिंग की अनुमति देने से इनकार कर दिया। इसके बाद पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए VIP सुरक्षा को प्राथमिकता दी और हेलीकॉप्टर को हवा में ही डायवर्ट कर पुरी की ओर मोड़ दिया।

सुरक्षित लैंडिंग के बाद सर्किट हाउस ले जाए गए सीएम

खराब विजिबिलिटी और तेज हवाओं के बीच हेलीकॉप्टर शाम करीब 4:42 बजे पुरी के समंग अस्थाई हेलीपैड पर सुरक्षित रूप से उतरा। पुरी के जिला मजिस्ट्रेट (DM) और कलेक्टर देबज्योति परिदा ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि यह पूरी तरह से एक एहतियाती लैंडिंग थी। मुख्यमंत्री सुरक्षित रूप से साइट पर उतरे, जहां से हमारी टीम ने उन्हें प्रोटोकॉल के तहत सीधे सर्किट हाउस पहुंचाया। कुछ देर रुकने के बाद, मानक आधिकारिक प्रोटोकॉल के अनुसार वे सड़क मार्ग से अपने गंतव्य (भुवनेश्वर) के लिए रवाना हो गए।"

मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, इस समय ओडिशा के कई तटीय जिलों में तेज गरज-चमक के साथ अचानक आंधी-तूफान का अलर्ट जारी है। गनीमत रही कि पायलट ने सही समय पर डायवर्जन का फैसला लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article