देश में हाल ही में नीट, CBSE और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आई कथित धांधली और पेपर लीक मामलों को लेकर 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) ने एक और ऐलान कर दिया है। दिल्ली के जंतर-मंतर पर भारी विरोध प्रदर्शन करने के बाद, सोशल मीडिया पर बेहद कम समय में ख्याति पाने वाली CJP अब देश के अन्य बड़े शहरों में आंदोलन का विस्तार करने जा रही है। CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोमवार को घोषणा की है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर उनकी पार्टी आगामी 11 जून (गुरुवार) को महाराष्ट्र की 'शिक्षा राजधानी' कहे जाने वाले पुणे में एक बड़ा विरोध प्रदर्शन करेगी।
सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय में जुटेंगे जेन-जी
अभिजीत दीपके ने अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' (X) पर इस आंदोलन की रूपरेखा साझा करते हुए लिखा, "पुणे में मिलते हैं! महाराष्ट्र जिंदाबाद!" सीजेपी के आधिकारिक हैंडल से भी इस संबंध में पोस्ट साझा की गई, जिसमें लिखा गया "महाराष्ट्र की शिक्षा राजधानी पुणे में 'कॉकरोच' शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करेंगे। पुणे के कितने 'कॉकरोच' इसमें शामिल होंगे?" यह विरोध प्रदर्शन 11 जून को शाम 4:00 बजे सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय (SPPU) परिसर में आयोजित किया जाएगा। इस दौरान प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार हो रही गड़बड़ियों के खिलाफ आवाज उठाई जाएगी।
'अगर शनिवार तक इस्तीफा नहीं आया, तो देशव्यापी आंदोलन होगा'
जंतर-मंतर पर सफल और शांतिपूर्ण प्रदर्शन के बाद अभिजीत दीपके ने एक नया वीडियो जारी कर केंद्र सरकार को सीधा अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर के मंच से उन्होंने शिक्षा मंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने के लिए आगामी शनिवार तक का समय दिया था। दीपके ने वीडियो में आगे की रणनीति साफ करते हुए कहा, कि अगर शनिवार तक धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा नहीं आता है, तो हमें इस लड़ाई को और बड़ा रूप देना होगा। इसके बाद मैं खुद व्यक्तिगत रूप से देश के अलग-अलग राज्यों और प्रमुख शहरों में जाऊंगा और वहां के छात्रों को एकजुट कर प्रदर्शन करूंगा। अगर फिर भी सरकार की नींद नहीं खुली, तो देश भर के छात्र और युवा एक बार फिर दिल्ली कूच करेंगे और 'कॉकरोच जनता पार्टी' वहां एक विशाल लेकिन शांतिपूर्ण ऐतिहासिक आंदोलन किया जाएगा।"
पड़ोसी देशों के हिंसक आंदोलनों से तुलना पर दिया जवाब
जब पत्रकारों ने अभिजीत दीपके से नेपाल और बांग्लादेश में हाल ही में युवाओं (Gen-Z) के हिंसक और बड़े राजनीतिक तख्तापलट वाले प्रदर्शनों के संदर्भ में सवाल पूछा, तो उन्होंने स्पष्ट शब्दों में अंतर समझाया। दीपके ने कहा कि सीजेपी का यह पूरा आंदोलन पूरी तरह से लोकतांत्रिक, संवैधानिक और शांतिपूर्ण है, इसलिए इसकी तुलना किसी भी पड़ोसी देश के हिंसक घटनाक्रमों से नहीं की जा सकती। उन्होंने यह भी साफ किया कि कॉकरोच जनता पार्टी पूरी तरह से 'जेन-जी' यानी आज के युवा वर्ग के अधिकारों के लिए समर्पित है। यह मंच पूरी तरह गैर-राजनीतिक है और भविष्य में भी किसी पारंपरिक राजनीतिक दल के साथ कोई गठबंधन या फॉर्मल जुड़ाव नहीं करेगा।
