शहर

रांची के साथ भोपाल में भी Gen Z प्रदर्शन, अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे नर्सिंग छात्र; 6 डिमांड पर अड़े स्टूडेंट

मध्य प्रदेश के भोपाल में फर्जी नर्सिंग कॉलेजों और परीक्षा, रिजल्ट, रजिस्ट्रेशन तथा डिग्री में भारी देरी से पीड़ित छात्र नर्सिंग काउंसिल के बाहर धरने पर बैठे हैं। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि समय पर डिग्री न मिलने से उनका भविष्य अधर में लटक गया है।

Image

भोपाल में नर्सिंग छात्रों का प्रदर्शन

भोपाल : दिल्ली के जंतर मंतर से छात्रों ने एक नई आंदोलन की राह देख ली है। छात्रों के कई आंदोलन हम लगातार देख रहे हैं। इसी दौरान हमने भोपाल में किसानों का बड़ा आंदोलन देखा, झारखंड में भी छात्रों का प्रदर्शन जारी है। इसी बीच अब भोपाल में भी Gen Z का एक नया प्रदर्शन शुरू हो चुका है। भोपाल में फर्जी नर्सिंग कॉलेजों के पीड़ित छात्र-छात्राओं ने अपनी मांगों को लेकर मोर्चा खोल दिया है। नर्सिंग छात्र भोपाल स्थित नर्सिंग काउंसिल के बाहर धरने पर बैठे हैं। छात्रों का आरोप है कि परीक्षा, रिजल्ट, रजिस्ट्रेशन और डिग्री से जुड़े मामलों में लंबे समय से देरी की जा रही है। कई छात्र ऐसे हैं, जिन्हें 6-6 सालों से डिग्री नहीं मिली।

प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना है कि कई विद्यार्थियों की पढ़ाई पूरी हो चुकी है, लेकिन उन्हें अब तक डिग्री और रजिस्ट्रेशन नहीं मिल पाया है। छात्रों का दावा है कि कुछ मामलों में 6 साल तक डिग्री अटकी हुई है। इसके चलते वे नौकरी के लिए आवेदन करने के साथ-साथ आगे की पढ़ाई भी नहीं कर पा रहे हैं। छात्रों का कहना है कि नर्सिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद भी अगर समय पर डिग्री और रजिस्ट्रेशन नहीं मिलता तो उनकी पूरी मेहनत पर सवाल खड़ा हो जाता है।

छात्रों की प्रमुख मांगें

  • पहली मांग- लंबित डिग्री जल्द जारी हो। जिन छात्रों की पढ़ाई और जरूरी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उन्हें तत्काल डिग्री उपलब्ध कराई जाए।
  • दूसरी मांग- रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया में तेजी। लंबित नर्सिंग रजिस्ट्रेशन जल्द किए जाएं, ताकि छात्र नौकरी के लिए आवेदन कर सकें।
  • तीसरी मांग- लंबित परीक्षाएं समय पर हों। नर्सिंग छात्रों की लंबित परीक्षाएं जल्द आयोजित की जाएं और परीक्षा कार्यक्रम में अनावश्यक देरी खत्म की जाए।
  • चौथी मांग- रिजल्ट जल्द जारी हों। जिन छात्रों ने परीक्षाएं दे दी हैं, उनके लंबित परिणाम जल्द घोषित किए जाएं।
  • पांचवीं मांग- स्कॉलरशिप का भुगतान। छात्रों ने लंबे समय से लंबित छात्रवृत्ति का भुगतान किए जाने की भी मांग की है।
  • छठी मांग- मान्यता और संबद्धता का समाधान। कॉलेजों की मान्यता और संबद्धता से जुड़े मामलों का जल्द समाधान किया जाए, ताकि इसका खामियाजा छात्रों को न भुगतना पड़े।

छात्रों का कहना है कि इन्हीं प्रक्रियाओं में देरी के कारण बड़ी संख्या में विद्यार्थी परेशान हैं। उनका आरोप है कि समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से हर साल नए छात्र भी इसी तरह की परेशानियों का सामना कर रहे हैं।

कांग्रेस नेता मुकेश नायक ने सरकार पर साधा निशाना

नर्सिंग छात्रों के प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस नेता मुकेश नायक ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देशभर में छात्र अपने मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। हाल ही में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे का जिक्र करते हुए नायक ने कहा कि हजारों नर्सिंग छात्रों का भविष्य अधर में है। उन्होंने सरकार से नर्सिंग छात्रों की मांगों को तत्काल स्वीकार करने और उनकी समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की।

बीजेपी ने कांग्रेस पर साधा निशाना

वहीं बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल आज भोपाल में छात्रों के मुद्दे पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे। भोपाल में नर्सिंग छात्रों के प्रदर्शन के सवाल पर खंडेलवाल ने कहा कि सरकार और संगठन दोनों छात्रों से बातचीत करेंगे और उनकी समस्याओं का निराकरण करने का प्रयास किया जाएगा।

फिलहाल इन छात्रों को तीन दिन हो चुके है जब से वो प्रदर्शन कर रहे है। ऐसे में देखना होगा सरकार उनसे कब तक बातचीत करती है और उनकी समस्या का निराकरण निकालती है।

Makarand Kale
मकरंद कालेauthor

सुखदुःखे समे कृत्वा लाभालाभौ जयाजयौ।\nततो युद्धाय युज्यस्व नैवं पापमवाप्स्यसि\n\nसाल 2008 में by chance journalist बना। 2013 से by choice journalist हूं। कहते हैं ना कि अच्छे काम में पहले बहुत परेशानियां आती हैं। और बाद में उसी की आदत पड़ जाती है।

और पढ़ें
End of Article