शहर

नोएडा फेस-3 पुलिस का बड़ा एक्शन; शातिर चोरी गैंग का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार

नोएडा के थाना फेस-3 पुलिस को बड़ी सफलता मिली है, जहां चोरी की घटनाओं में शामिल एक गिरोह का पर्दाफाश किया गया। स्थानीय सूचना और तकनीकी निगरानी के आधार पर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लाखों रुपये का चोरी का सामान बरामद किया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय कई चोरी के मामलों के खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है।

Image

नोएडा फेज-3 पुलिस ने चोरी गिरोह का भंडाफोड़ किया (प्रतीकात्मक फोटो)

Noida News: नोएडा के थाना फेस-3 क्षेत्र में पुलिस को एक अहम कामयाबी हाथ लगी है। चोरी की वारदातों में सक्रिय एक शातिर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने चार आरोपियों को दबोच लिया है। यह कार्रवाई स्थानीय सूचना तंत्र और इलेक्ट्रॉनिक निगरानी की मदद से अंजाम दी गई। पुलिस ने आरोपियों के पास से अलग-अलग ब्रांड के 15 चोरी के लैपटॉप, चार मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत लगभग 12 लाख रुपये आंकी गई है। थाना फेस-3 पुलिस के मुताबिक यह ऑपरेशन 31 जनवरी 2026 को किया गया। मुखबिर से मिली पुख्ता जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने टीपी नगर चौराहे के पास घेराबंदी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया।

इनको किया गया गिरफ्तार

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की और चारों आरोपियों को मौके से हिरासत में ले लिया। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान आमिर खान उर्फ कालू, अभिषेक कुमार, योगेंद्र चौहान उर्फ लंका तथा अर्जुन के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न क्षेत्रों में लैपटॉप, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। चोरी किए गए सामान को कम कीमत पर बेचकर उससे मिलने वाली रकम आपस में बांट ली जाती थी।

कई आपराधिक मुकदमे दर्ज

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आमिर खान और योगेंद्र चौहान के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें चोरी, एनडीपीएस एक्ट और अन्य गंभीर धाराएं शामिल हैं। वहीं अभिषेक कुमार और अर्जुन का नाम भी पहले चोरी के मामलों में सामने आ चुका है। इससे साफ जाहिर होता है कि यह गिरोह लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त था। बरामद की गई दो मोटरसाइकिलों के संबंध में पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वे किन-किन मामलों से जुड़ी हुई हैं।

मामले की जांच जारी

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस गिरोह की गिरफ्तारी से इलाके में हुई कई चोरी की घटनाओं के खुलासे की उम्मीद है। थाना फेस-3 पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य संभावित सदस्यों और लंबित मामलों की भी गहन जांच की जा रही है।

(इनपुट - आईएएनएस)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article