Noida Electric Bus: नोएडावासियों के लिए जल्द ही सफर पहले से अधिक आसान और आरामदायक होने वाला है। नोएडा प्राधिकरण और उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) ने मिलकर 50 नई इलेक्ट्रिक बसें चलाने का फैसला किया है। इन बसों को शहर में चार अहम रूटों पर चलाया जाएगा। जिससे नोए़डा, ग्रेटर नोएडा और जेवर एयरपोर्ट के बीच सीधी कनेक्टिविटी की सुविधा मिलेगी। इन बसों के संचालन से ट्रैफिक जाम में कमी आने के साथ ही प्रदूषण में भी कमी आने की उम्मीद है। साथ ही यात्रियों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन की सुविधा भी मिलेगी।
नोएडा में किन रूटों पर चलेंगी इलेक्ट्रिक बसें
- रूट-1: बॉटनिकल गार्डन से ग्रेटर नोएडा वेस्ट (गौड़ चौक) तक – 8 बसें, दूरी - करीब 20 किमी
- रूट-2: बॉटनिकल गार्डन से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक – 16 बसें, दूरी - करीब 60 किमी
- रूट-3: बॉटनिकल गार्डन से सेक्टर-62 – 12 बसें, दूरी - करीब 30 किमी
- रूट-4: बॉटनिकल गार्डन से सूरजपुर कलेक्ट्रेट तक – 8 बसें (वैकल्पिक रूट के लिए 6 बसें)
सेक्टर-90 में हाईटेक डिपो और ई-चार्जिंग स्टेशन
बसों के संचालन और रखरखाव के लिए सेक्टर-90 में आधुनिक डिपो बनाया किया गया है। जहां 20 ई-चार्जिंग स्टेशन मौजूद रहेंगे। जिससे 50 बसों को एक साथ चार्ज किया जा सकेगा। इसके अलावा डिपो में मेंटनेंस सेंटर और ड्राइवर-कंडक्टर के लिए सुविधाएं मौजूद होंगी। वहीं बॉटनिकल गार्डन पर भी 4 वैकल्पिक चार्जिंग स्टेशन बनाए जाएंगे, जिससे बसों का संचालन बिना रुकावट जारी रहेगा।
जेवर एयरपोर्ट और मेट्रो से सीधी कनेक्टिविटी
इन बसों के संचालन से लोगों को जेवर एयरपोर्ट तक सीधी बस सेवा मिल सकेगी। जिससे हवाई यात्रियों को आवाजाही में बड़ी राहत मिलेगी। वहीं बॉटनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन से कनेक्टिविटी के कारण बस और मेट्रो के यात्रियों को भी फायदा होगा। इस योजना के तहत यात्रियों को हर 15 मिनट के अंतराल पर बसें मिलेंगी। 50 बसों में से कुल 45 बसों का संचालन किया जाएगा और 5 बसों को स्टैंडबाय पर रखा जाएगा।
यात्रियों की जेब पर नहीं पड़ेगा बोझ
इन बसों का किराया UPSRTC की ओर से तय दरों के अनुसार होगा। खास बात ये है कि बस संचालन में होने वाले घाटे (VGF) का भुगतान नोएडा प्राधिकरण करेगा, जिससे यात्रियों की जेब पर अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ेगा। अधिकारियों के अनुसार ये बसें अगले 3 से 4 महीने में सड़कों पर दौड़नी शुरू हो सकती हैं। इसके बाद नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लाखों लोगों को बेहतर और तेज पब्लिक ट्रांसपोर्ट का लाभ मिलेगा।
