Mamata Banerjee: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपनी हालिया यात्रा के दौरान 'झालमुड़ी खाने लेने की तस्वीरें सामने आने के बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी बाजार का दौरा करते नजर आईं। रविवार शाम अपने निर्वाचन क्षेत्र भवानीपुर में एक रैली से लौटते समय अचानक सब्जी मंडी पहुंचकर सभी को चौंका दिया।
ममता की 'सब्जी शॉपिंग'
71 वर्षीय मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भवानीपुर की एक सब्जी मंडी में रुककर न केवल सब्जियां खरीदीं, बल्कि फलों की एक टोकरी भी ली। भवानीपुर के पुराने इलाकों में उनके इस 'पदयात्रा' के दौरान पुरुलिया का प्रसिद्ध 'छऊ नृत्य' और पारंपरिक 'ढाक' की गूंज सुनाई दी। इस दौरान बैकग्राउंड में तृणमूल का चुनावी गीत "जतोई कोरो हमला, आबार जितबे बांग्ला" (चाहे जितने हमले कर लो, बंगाल ही जीतेगा) बज रहा था।
भवानीपुर में कड़ा मुकाबला: ममता बनाम शुभेंदु
ममता बनर्जी अपने गृह क्षेत्र भवानीपुर से चुनाव लड़ रही हैं, जहां भाजपा ने उनके पूर्व सहयोगी और वर्तमान में विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी को मैदान में उतारा है। रैली के दौरान ममता ने कहा, "हमें साथ मिलकर रहना चाहिए और इस क्षेत्र के सभी नागरिकों को अच्छी सुविधाएं मिलनी चाहिए। हमने कई मंदिर बनाए हैं, जैन समुदाय के लिए बड़ा मंदिर बन रहा है और इस्लामिया अस्पताल व इस्कॉन मंदिर की भी स्थापना की है।"
पीएम मोदी का तीखा वार
दूसरी ओर, प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तर 24 परगना के बनगांव में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए टीएमसी सरकार पर कड़ा हमला बोला। पीएम मोदी ने बंगाल के शासन को 'जंगलराज' करार देते हुए कहा कि यहां की महिलाएं टीएमसी के धोखे की सबसे बड़ी शिकार हैं। उन्होंने दावा किया कि 4 मई के बाद भाजपा सरकार राज्य के हर एक अपराधी और बलात्कारी को ढूंढ निकालेगी और उन्हें जवाबदेह ठहराएगी।
