शहर

नोएडा में गे डेटिंग ऐप के जरिए लूट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 3 आरोपी गिरफ्तार

नोएडा सेक्टर-113 पुलिस ने Grindr ऐप के जरिए लोगों को फंसाकर लूटने वाले गैंग को पकड़ा है। आरोपी कार में बैठाकर ऑनलाइन ट्रांजेक्शन करवाते थे।

Image

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी

Photo : Times Now Digital

Noida News: नोएडा पुलिस ने एक ऐसे शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है जो Grindr (ग्राइंडर) जैसे गे डेटिंग ऐप के जरिए लोगों को अपने जाल में फंसाकर लूटपाट की वारदातों को अंजाम देता था। थाना सेक्टर-113 की पुलिस ने इस गिरोह के तीन मुख्य सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। ये आरोपी दोस्ती के बहाने लोगों को बुलाते थे और फिर डरा-धमकाकर उनसे मोटी रकम वसूलते थे।

क्या है पूरा मामला?

नोएडा के एडिशनल डीसीपी (ADCP) मनीषा सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि थाना सेक्टर-113 पुलिस को पिछले कुछ समय से ग्राइंडर नाम के डेटिंग ऐप के जरिए लूटपाट की शिकायतें मिल रही थीं। पुलिस ने जाल बिछाकर गिरोह के तीन सदस्यों, शिवम झा, सागर ठाकुर और कमल को धर दबोचा। सभी आरोपी पिछले कुछ महीनों से होशियारपुर में किराये के मकान में रह रहे थे और ऐप के जरिए सेक्टर 113 थाना क्षेत्र में ही वारदात को अंजाम देते थे।

कैसे काम करता था गैंग?

यह गैंग बेहद शातिर तरीके से काम करता था। आरोपी Grindr ऐप पर अपनी फर्जी प्रोफाइल बनाते थे और लोगों से दोस्ती करते थे। जब सामने वाला व्यक्ति मिलने के लिए तैयार हो जाता, तो उसे किसी सुनसान जगह या तय ठिकाने पर बुलाया जाता था। जैसे ही पीड़ित वहां पहुंचता, आरोपी उसे अपनी बलिनो कार में बैठा लेते थे। कार के भीतर उसे हथियारों या मारपीट का डर दिखाकर धमकाया जाता था। इसके बाद आरोपी पीड़ित के मोबाइल से जबरन ऑनलाइन पैसे ट्रांजेक्शन करवाते थे और नकद रुपए भी लूट लेते थे।

पुलिस की बरामदगी और कार्रवाई

गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने 30,000 रुपए नकद, शिकार फंसाने में इस्तेमाल होने वाले 4 मोबाइल फोन, और वारदात में इस्तेमाल होने वाली एक बलिनो कार बरामद किए हैं। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article