शहर

Noida News: डॉक्टर या डिजिटल ठग? महिला बनकर रचता था लाखों की ठगी का जाल, गिरफ्तार

नोएडा साइबर क्राइम पुलिस ने एक एमबीबीएस-एमडी डॉक्टर को ठगी के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी सोशल मीडिया और डेटिंग ऐप्स पर महिला बनकर फर्जी प्रोफाइल से लोगों को झांसे में लेकर उनसे लाखों रुपये की ठगी करता था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Image

सांकेतिक फोटो

Photo : iStock

Noida News: नोएडा साइबर क्राइम पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक ऐसे शातिर ठग को गिरफ्तार किया है, जो सोशल मीडिया पर महिला बनकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि आरोपी पेशे से एमबीबीएस और एमडी डॉक्टर है। उसकी पहचान रामाकृष्ण पेदगावेगी के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच कर रही है।

महिला बनकर ठगी करता था एमडी डॉक्टर

पुलिस के अनुसार, आरोपी ठगी के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और डेटिंग ऐप्स का इस्तेमाल करता था। जहां पर वह महिलाओं के नाम और तस्वीरों का इस्तेमाल कर फर्जी आईडी बनाता था। इसी के जरिए वह लोगों से दोस्ती करने के बाद उनका भरोसा जीत लेता था। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी कॉल पर बात करते समय महिलाओं जैसी आवाज निकाला था, जिससे सामने वाले को उसके असली पहचान का पता नहीं चल पाता था।

आरोपी लोगों का भरोसा जीतने के बाद उन्हें निवेश के नाम पर बड़ा मुनाफा कमाने का लालच देता था। वह कम समय में कई गुना रिटर्न का दावा करता था, जिससे कई लोग उसके झांसे में आ गए और लाखों रुपये उसे ट्रांसफर कर दिए। साइबर पुलिस की जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी के खिलाफ पहले भी गंभीर आरोप लग चुके हैं। जानकारी के अनुसार, आंध्र प्रदेश में एक कथित गलत सर्जरी के मामले के बाद वह फरार हो गया था। जिसके बाद उसने ऑनलाइन ठगी की राह अपना ली और फर्जी पहचान से लोगों को निशाना बनाने लगा।

पुलिस को आरोपी के पास से कई डिजिटल उपकरण और अहम सबूत मिले हैं। फिलहाल उसके बैंक खातों, मोबाइल डेटा और सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से जुड़े अन्य मामलों की भी पड़ताल की जा रही है। इस मामले में जल्द ही कई और खुलासे हो सकते हैं।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!