Noida News: नोएडा के थाना सेक्टर-126 पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल, 7 मोबाइल फोन, 6 लैपटॉप, एक आधार कार्ड, एक ड्राइविंग लाइसेंस, 12,500 रुपये नकद और एक अवैध चाकू बरामद किया गया है। आरोपी पीजी और घरों से कीमती सामान चोरी कर उसे कूरियर से तमिलनाडु भेजता था। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सेक्टर-128 स्थित शाहपुर गांव निवासी विशाल आडभाई ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके कमरे का दरवाजा खुला होने का फायदा उठाकर अज्ञात चोर दो लैपटॉप, उनके रूम पार्टनर और मित्र के दो अन्य लैपटॉप, आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस चोरी कर ले गया। इस शिकायत पर थाना सेक्टर-126 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पीजी, किराए के मकानों और फ्लैटों की रेकी
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और मुखबिरों को सक्रिय किया। जांच के दौरान 1-2 जुलाई की रात करीब 2:20 बजे ग्राम गढ़ी शाहपुर के सामने पुश्ता रोड, सेक्टर-131 से आरोपी बालन गोविन्दन को गिरफ्तार कर लिया गया। एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मूल रूप से तमिलनाडु के तिरुपत्तूर जिले का रहने वाला है और काफी समय से नोएडा व एनसीआर में रहकर मोबाइल, लैपटॉप और अन्य कीमती सामान चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। वह पहले पीजी, किराए के मकानों और फ्लैटों की कई दिनों तक रेकी करता था। ऐसे में जहां सुरक्षा व्यवस्था कमजोर होती या लोग लापरवाही से दरवाजे खुले छोड़ देते थे, वहां मौका मिलते ही वह चोरी कर फरार हो जाता था।
पुलिस से बचने के लिए करता था यह काम
आरोपी ने कबूला है कि उसके कब्जे से बरामद चार लैपटॉप, आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस थाना सेक्टर-126 में दर्ज इसी चोरी के मुकदमे से संबंधित हैं। इसके अलावा बरामद दो आईफोन और 6,000 रुपये नकद थाना एक्सप्रेसवे क्षेत्र में दर्ज चोरी के मुकदमे से जुड़े हैं, जबकि 6,500 रुपये थाना सेक्टर-126 के एक अन्य चोरी के मामले से संबंधित हैं। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी चोरी की एक मोटरसाइकिल का इस्तेमाल रेकी और वारदात को अंजाम देने में करता था। कई बार पुलिस से बचने के लिए वह रैपिडो और ओला जैसी ऐप आधारित बाइक सेवाओं का भी इस्तेमाल करता था। चोरी किए गए मोबाइल और लैपटॉप वह राह चलते लोगों को कम कीमत पर बेच देता था या फिर किराए के के जरिए तमिलनाडु भेज देता था। पुलिस ने बताया कि आरोपी के कब्जे से मिले अन्य मोबाइल फोन और लैपटॉप के संबंध में विभिन्न थाना क्षेत्रों और अन्य जिलों में दर्ज चोरी के मामलों से मिलान किया जा रहा है। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
