Noida International Airport Jewar: नोएडा के जेवर में बन रहे इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। अब जेवर एयरपोर्ट से देश के दो बड़े रेल मार्ग जुड़ेंगे। इससे पहले इसे मेट्रो, रैपिड रेल और अन्य सुविधाओं से कनेक्ट करने के लिए पहले से ही योजनाओं पर काम चल रहे हैं। ऐसे में एयरपोर्ट को रेल मार्ग से जोड़ना बड़ी बात है। यमुना प्राधिकरण की जेवर एयरपोर्ट और चांदहट स्टेशनों के बीच रेलवे लाइन बनाने और एयर कार्गो टर्मिनल बनाने की प्लानिंग की है।
देश के दो रेल मार्ग जुड़ेंगे
इस नए टर्मिनल से दिल्ली-हावड़ा और दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग जुड़ेंगे। इसके साथ ही इसे दादरी में निर्माणाधीन मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब से भी जोड़ा जाएगा। इस रेल मार्ग से एयरपोर्ट आने वाले माल बिना रुकावट के देश के अलग-अलग हिस्सों में पहुंच सकेगा। बता दें कि जेवर एयरपोर्ट से पूरे दिल्ली एनसीआर को कनेक्ट करने पर काम किया जा रहा है। इसके तहत रैपिड रेल, मेट्रो, एनएच, एक्सप्रेस वे, पॉड टैक्सी, बस सुविधा समेत कई चीजों पर काम किया जा रहा है। इनमें से कई परियोजनाओं पर काम शुरू हो चुका है।
अंडरग्राउंड होगा स्टेशन
बता दें कि जेवर में बनने वाला रेलवे स्टेशन पूरी तरह से अंडरग्राउंड होगा। देश में ऐसा पहला रेलवे स्टेशन होगा, जो पूरी तरह से अंडरग्राउंड होगा। बताया जा रहा है कि जेवर एयरपोर्ट के पैसेंजर टर्मिनल के नीचे रेलवे स्टेशन होगा। यानी कि ऊपर से प्लेन उड़ेंगे और नीचे से ट्रेनें चलेंगी। यात्रियों के लिए कई सारी सुविधाएं होंगी, जैसे एलिवेटर, लिफ्ट और सीढ़ी। साथ ही यह रेलवे स्टेशन पूरी तरह से वातानुकूलित होगा।
करीब 2400 करोड़ खर्च होने का अनुमान
जानकारी के अनुसार, इस परियोजना पर करीब 2400 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसके तहत यमुना नदी पर 350 करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण होगा। साथ ही यमुना एक्सप्रेसवे पर एक 15 करोड़ रुपये की लागत से फ्लाईओवर बनना है। इस प्रोजेक्ट के लिए जेवर खादर और चांदहट के बीच जमीन की तलाश शुरू हो गई है।
