नोएडा

नहीं होगी सफर में देरी, यमुना एक्सप्रेसवे पर आना-जाना होगा आसान, सड़कों के चौड़ीकारण की तैयारी होगी शुरू

चिल्ला रेगुलेटर से महामाया फ्लाईओवर तक बनाई जा रही एलिवेटेड रोड को यमुना पुस्ता पर प्रस्तावित एलिवेटेड रोड से जोड़ा जाएगा। गुरुवार को नोएडा प्राधिकरण के 49वें स्थापना दिवस पर सीईओ डॉ. लोकेश एम ने इस बात की घोषणा की है।

Image

चिल्ला और यमुना पुस्ता एलिवेटेड रोड आपस में जुड़ेंगी

नोएडा प्राधिकरण ने अपनी 50वीं वर्षगांठ मनाने की शुरुआत कर दी है। स्थापना दिवस पर सेक्टर-6 स्थित इंदिरा गांधी कला केंद्र में आयोजित पत्रकार वार्ता में सीईओ डॉ. लोकेश एम ने बताया कि चिल्ला एलिवेटेड रोड का अंत महामाया फ्लाईओवर पर होगा। वहीं, सेक्टर-94 से यमुना पुस्ते होते हुए सेक्टर-150 तक एक और एलिवेटेड रोड का निर्माण किया जाना है। इन दोनों सड़कों के बीच के हिस्से को रोटरी या अन्य माध्यमों से जोड़ा जाएगा। चिल्ला एलिवेटेड रोड के निर्माण कार्य की शुरुआत हो चुकी है। जबकि यमुना पुस्ते पर बनने वाले एलिवेटेड रोड के लिए सिंचाई विभाग से एनओसी प्राप्त करने की प्रक्रिया जारी है।

चिल्ला और यमुना पुस्ता एलिवेटेड रोड के जुड़ने से अब अक्षरधाम मंदिर की दिशा से आने वाले वाहन बिना किसी परेशानी के यमुना एक्सप्रेसवे पर जा सकेंगे। हालांकि, मास्टर प्लान रोड नंबर-2 पर एलिवेटेड रोड के निर्माण के बावजूद सड़क के नीचे के लगभग आधे हिस्से में जाम की समस्या बनी रहती है। जब वाहन सेक्टर-27 अट्टा अंडरपास से निकलते हैं, तो निठारी के सामने उन्हें कतारों में खड़ा होना पड़ता है। निठारी में सड़क की चौड़ाई कम है, और वहां अतिक्रमण भी है। इसी को देखते हुए प्रशासन ने ये निर्णय लिया है कि सड़कों का चौड़ाकरण किया जाएगा। इस योजना पर काम शुरू हो गया है, और अगले कुछ महीनों में इसके लिए टेंडर जारी किए जाएंगे।

चौराहों पर लेफ्ट टर्न चौड़े किए जाएंगे

शहर के अधिकांश चौराहों पर लेफ्ट टर्न बाधित है। कहीं सड़क की चौड़ाई कम होने के कारण, तो कहीं अतिक्रमण के चलते यातायात जाम हो जाता है। प्राधिकरण ने निर्णय लिया है कि चौराहों पर लेफ्ट टर्न को फ्री किया जाएगा। इसके लिए जल्द ही एक सर्वेक्षण किया जाएगा ताकि वास्तविक समस्याओं का पता लगाया जा सके। सर्वेक्षण के बाद समाधान की दिशा में काम शुरू किया जाएगा।

नोएडा के चार एसटीपी पर सोलर प्लांट लगेंगे

शहर में बढ़ती बिजली की मांग को देखते हुए, प्राधिकरण ने सभी चार सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट में सोलर सिस्टम स्थापित करने का फैसला लिया है। इस कदम से प्राधिकरण के बिजली और खर्चों में बचत भी होगी। सेक्टर-54, 123, 168 और अन्य स्थानों पर एसटीपी बनाए गए हैं।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!