Noida News: नोएडा के सेक्टर-24 स्थित ईएसआईसी अस्पताल में अब मरीजों को और बेहतर इलाज की सुविधा मिलने वाली है। अस्पताल में 50 अतिरिक्त बेड जोड़े जाने की तैयारी है। यह कदम दिल्ली के झिलमिल में स्थित ईएसआईसी अस्पताल के नए भवन निर्माण के कारण उठाया जा रहा है, जिससे निर्माण के दौरान मरीजों को वैकल्पिक इलाज की सुविधा मिल सके।
मेडिकल कॉलेज शुरू करने पर अस्पताल का फोकस
वर्तमान में इस अस्पताल में 300 बेड हैं, जिसमें 50 नए बोड जोड़े जाएंगे। जिसके बाद अस्पताल में बेड की कुल संख्या 350 हो जाएगी। बेड बढ़ाने को लेकर ईएसआईसी के दिल्ली मुख्यालय से निर्देश मिले हैं। हालांकि इसकी तारीख को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। अस्पताल प्रबंधन का ध्यान फिलहाल मेडिकल कॉलेज शुरू करने पर केंद्रित है। इससे संबंधित संसाधन जुटाने का कार्य तेजी से चल रहा है।
अस्पताल की डीन डॉ. हरनाम कौर ने बताया कि बेड बढ़ाने को लेकर पत्र मिला है और मामला चिकित्सा अधीक्षक स्तर पर विचाराधीन है। इस सत्र से 50 सीटों पर एमबीबीएस की पढ़ाई भी शुरू होनी है, जिसकी मंजूरी 10 दिनों में मिलने की संभावना है। यह कदम नोएडा और आस-पास के मरीजों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं में बड़ा सुधार लेकर आएगा।
