नोएडा

नोएडा में आग का ताडंव! सेक्टर 37 में पेट्रोल पंप के ऑफिस में लगी भीषण आग, लाखों का सामान खाक

नोएडा के सेक्टर 37 स्थित पेट्रोल पंप के दफ्तर और दुकानों में देर रात अचानक आग लग गई। सूचना के बाद मौके पर फायर विभाग की टीम पहुंची और 10 गाड़ियों ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन लाखों का सामान जलकर खाक हो गया।

Image

नोएडा के सेक्टर-37 में आग की घटना

Noida Petrol Pump Fire: उत्तर प्रदेश के नोएडा में थाना सेक्टर -39 क्षेत्र के सेक्टर-37 स्थित पेट्रोल पंप के ऑफिस और दुकानों में मंगलवार देर रात को भीषण आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंची। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। पुलिस का दावा है कि इसमें किसी प्रकार की जनहानि तो नहीं हुई है लेकिन दुकान के अंदर रखा लाखों रुपए का सामान पूरी तरीके से जलकर राख हो गया है। आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।

आग की घटना में कोई हताहत नहीं

मुख्य दमकल अधिकारी (सीएफओ) प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि मंगलवार की देर रात को सेक्टर-37 स्थित पेट्रोल पंप की दीवार से सटी दुकान में अज्ञात कारण से आग लग गई। इसमें पेट्रोल पंप के कर्मियों द्वारा लुब्रिकेंट ऑयल और सीएनजी किट का सामान आदि रखा गया था। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। उन्होंने बताया कि मौके पर दमकल विभाग की 10 गाड़ियां पहुंची। सीएफओ ने बताया कि करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। उन्होंने बताया कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। पेट्रोल पंप के पास लगी आग के चलते आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।

दुकान के अंदर हुए सिलेंडर के धमाके

सीएफओ ने बताया कि दमकल विभाग का पहला प्रयास यह था कि आग पेट्रोल पंप को अपनी चपेट में ना ले पाए। वहां भारी संख्या में लोग इकट्ठे हो गए थे। पुलिस ने उन्हें समझा बूझकर वहां से हटाया, तथा आग पर काबू पाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि आग लगने के बाद दुकान के अंदर रखे सिलेंडर में धमाके भी हुए। आग इतनी भीषण है कि लपटें और धुआं काफी दूर से ही दिखाई पड़ रहा है। कुछ लोगों ने अग्निकांड का वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया के विविध प्लेटफार्म पर साझा किया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे का कहना है कि एहतियात के तौर पर दमकल विभाग की दो गाड़ियों को घटनास्थल पर रखा गया है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article