नोएडा

Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा में प्रॉपर्टी हुई महंगी, 4,378 करोड़ के बजट को मिली मंजूरी, जानिए बैठक में और क्‍या फैसले हुए

Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने वित्तीय वर्ष 2023-24 का बजट जारी कर दिया है, इसमें कई बातों पर ध्‍यान दिया गया है। ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी बोर्ड ने बैठक में यह निर्णय लिया कि डिफाल्टर बिल्डरों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Image

ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण की 129वीं बोर्ड बैठक में कई निर्णय लिए गए। (सांकेतिक चित्र)

Photo : BCCL

Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण (GNIDA) ने वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए 4,378 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दी है, जिसमें से जेवर स्थित नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए 450 करोड़ रुपये का अलॉट किए गए हैं। बता दें क‍ि पिछले वर्ष एयरपोर्ट के लिए 350 करोड़ रुपए आवंटित किए गए थे। वहीं, प्राधिकरण ने भूमि अधिग्रहण के लिए एक हजार करोड़ की राशि अलग रखी है। बोर्ड की बैठक में प्राधिकरण ने भूमि आवंटन की दरों में भी काफी संशोधन किया है। गौरतलब है क‍ि 21 अप्रैल को ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण की 129वीं बोर्ड बैठक हुई थी, ये सभी निर्णय इसी बैठक में लिए गए। उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास आयुक्त एवं नोएडा - ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह की अध्‍यक्षता में ये बैठक की गई।

इस बार के बजट में क्‍या है खास

प्राधिकरण ने बोर्ड की बैठक के दौरान बजट के विषय में गहनता से चर्चा की। इस बैठक में बताया गया है कि पिछले वर्ष प्राधिकरण को 5,103 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दी गई थी, लेकिन कोरोना महामारी के कारण महज 1,440 करोड़ रुपये ही खर्च हुए। इसी के मद्देनजर इस बार का बजट 4,378 रुपये रखा गया है, जो कि पिछले साल के बजट से 14% कम है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने वित्तीय वर्ष 2024 में पूंजीगत कार्यों पर करीब 575 करोड़ रुपये खर्च करने का प्रस्ताव दिया है।

अभी क्‍या हैं भूमि आवंटन की दरें

ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण में औद्योगिक भूखंडों के लिए वर्तमान भूमि आवंटन दर 10,500 रुपये से 25,500 रुपये प्रति वर्ग मीटर (वर्गमीटर) के बीच है। रेजडेंशियल सेक्‍टर के लिए यह 29,900 रुपये प्रति वर्गमीटर और 39,000 रुपये प्रति वर्गमीटर के बीच है। इसी तरह, कॉमर्शियल भूखंडों के लिए ये आवंटन दर 52,000 रुपये प्रति वर्गमीटर से लेकर 75,000 रुपये प्रति वर्गमीटर तक है, जबकि आईटी भूखंडों के लिए यह 15,000 रुपये प्रति वर्गमीटर और 30,000 रुपये प्रति वर्गमीटर के बीच है। वहीं, संस्थागत भूखंडों की बात करें तो उनकी भूमि की दर 13,000 रुपये प्रति वर्गमीटर से लेकर 22,500 रुपये प्रति वर्गमीटर तक है। अधिकारियों ने बताया है कि रेट रिवीजन का प्रस्ताव तैयार करने से पहले मार्केट रेट का सर्वे किया गया था, जिसमें ग्रेटर नोएडा इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी के अलॉटमेंट रेट कम पाए गए, इसलिए दरों में बदलाव किए गए हैं।

भूखंडों की दरों में क्‍या बदलाव हुआ

बोर्ड की बैठक में आईटी और आईटीईएस भूखंडों की आवंटन दर में 4.42% और रेजिडेंशियल, इंडस्ट्रियल और संस्थागत भूखंडों के लिए लगभग 15% की वृद्धि की है। ग्रेनो प्राधिकरण ने कॉमर्शियल भूखंडों के लिए नई भुगतान योजना को भी मंजूरी दी है। बता दें क‍ि नई योजना के अनुसार, अब आवंटी एकमुश्त भुगतान के बजाय तीन साल में समग्र राशि का भुगतान कर सकते हैं। यह योजना केवल व्यावसायिक भूखंडों के लिए है। हालांकि अभी आवंटियों को 90 दिनों में पूरा भुगतान करना होता है। बैठक में समापन प्रमाण पत्र पर एक रिपोर्ट भी प्रस्‍तुत की गई, जिस पर कहा गया है क‍ि एक जून, 2020 से अब तक 4,189 आवंटियों ने कंप्लीशन सर्टिफिकेट के लिए आवेदन किया है, जिनमें से 3,442 आवेदकों को ये सर्टिफिकेट जारी किए जा चुके हैं। बैठक में 631 आवेदन और प्राधिकरण स्तर पर 116 आवेदन लंबित होने की बात कही गई।

किसानों को बड़ी राहत

ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी बोर्ड ने बैठक में आपसी सहमति से अपनी जमीन देने वाले किसानों को राहत देने का काम किया है। प्राधिकरण ने वित्तीय वर्ष 2024 में मुआवजे की मौजूदा दर में 10 प्रतिशत की वृद्धि की है। बताते चलें क‍ि अभी मुआवजे की दर 3,750 रुपये है। अब इसमें 375 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। जिसके बाद नई दर 4,125 रुपये निर्धारित की गई है। अधिकारियों ने कहा कि किसानों की मांग और जमीन के बाजार भाव में वृद्धि को देखते हुए मुआवजे की दर बढ़ाना बेहद जरूरी हो गया है। गौरतलब है क‍ि हाल ही में प्राधिकरण की सीईओ रितु माहेश्वरी के साथ हुई बैठक में किसानों ने भी दाम बढ़ाने की गुहार लगाई थी। बता दें क‍ि प्राधिकरण आठ नए क्षेत्रों को विकसित करने का भी प्रयास कर रहा है। इन परियोजनाओं के लिए सीधे किसानों से जमीन खरीदने की प्रक्रिया चल रही है।

जेवर एयरपोर्ट के बजट में बढ़ोतरी

जेवर हवाईअड्डे के लिए बजट में 100 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी की गई है। अधिकारियों ने कहा है क‍ि ऐसा इसलिए किया गया क्‍योंकि परियोजना के चरण 2 और 3 में भूमि अधिग्रहण के लिए अधिक धन की आवश्यकता होगी। वहीं, दूसरे चरण में करीब 1300 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। भूमि अधिग्रहण के दूसरे चरण के लिए अध्ययन चल रहा है। जेवर में निर्माणाधीन नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट में ग्रेनो प्राधिकरण की 12.5%, नोएडा प्राधिकरण और राज्य सरकार में प्रत्येक की 37.5% हिस्सेदारी है, जबकि यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) की इस प्‍लान में 12.5% हिस्सेदारी है।

बिल्‍डरों पर होगा एक्‍शन

ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी बोर्ड ने बैठक में यह निर्णय लिया कि डिफाल्टर बिल्डरों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी और जिन डेवलपर्स ने प्राधिकरण की बकाया राशि का भुगतान अब तक नहीं किया है, उनके भूखंडों का आवंटन रद्द कर दिया जाएगा। वहीं, कई उद्यमी ऐसे भी हैं जो कि ये मांग कर रहे हैं कि प्राधिकरण उन्हें अधिक एफएआर दे टाउनशिप में औद्योगिक भूखंडों के अधिक क्षेत्र पर निर्माण करने की अनुमति देगा। बैठक में ग्राउंड कवरेज को 35% से बढ़ाकर 55% करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

Shaswat Gupta
शाश्वत गुप्ताauthor

पत्रकारिता जगत में पांच साल पूरे होने जा रहे हैं। वर्ष 2018-20 में जागरण इंस्‍टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड मास कम्‍युनिकेशन से Advance PG डिप्लोमा करने के बाद मीडिया जगत में दस्तक दी। 2019 में दैनिक जागरण से पत्रकारीय जीवन का आरंभ हुआ। इसके बाद जागरण न्‍यू मीडिया, दैनिक भास्‍कर और इंडिया टीवी में सेवाएं दीं। अप्रैल 2023 से टाइम्‍स नाउ नवभारत (https://www.timesnowhindi.com/) के साथ यह सफर अनवरत‍ जारी है। परंपरागत मीडिया से प्रारंभ हुआ करियर अब आधुनिक यानी डिजिटल मीडिया तक पहुंच चुका है। ग्राउंड रिपोर्टिंग से शुरू हुई यह यात्रा लोकल/हाइपरलोकल डेस्‍क, प्रादेशिक डेस्‍क, सोशल मीडिया डेस्‍क, नेशनल डेस्‍क से अब वायरल डेस्‍क तक पहुंच चुकी है। करीब साढ़े चार साल के इस करियर में अविस्‍मरणीय अनुभव रहे हैं। दैनिक जागरण में पहली पारी के दौरान बिकरू कांड जैसी बड़ी और ज्‍वलन्‍त घटना की कवरेज करने का अवसर मिला। प्रिंट मीडिया और डिजिटल मीडिया दोनों ही मंचों पर बेहतरीन ढंग से खबर का प्रस्‍तुतिकरण किया। प्रिंट मीडिया की प्रादेशिक डेस्‍क पर कार्य करते हुए कानपुर सिटी, कानपुर देहात, इटावा, बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर, महोबा, फतेहपुर, औरैया, जालौन, उन्‍नाव, फर्रुखाबाद और कन्‍नौज संस्‍करण की जिम्‍मेदारी संभाली। इन सभी डेस्‍क का कार्य निष्‍पादित करते हुए हर ब्रेकिंग खबर का प्रिंट व डिजिटल दोनों माध्‍यमों में बेहतरीन प्रस्‍तुतिकरण किया। तत्‍पश्‍चात् जागरण न्‍यू मीडिया के हाइपरलोकल सेक्‍शन की लॉन्चिंग में यूपी टीम के सक्रिय सदस्‍य रहे। 2019 से लेकर 2022 तक कोरोना की तीनों लहरों की कवरेज की। इस दौरान लॉकडाउन और ऑक्‍सीजन संकट से ऊपजे हालात पर कई स्‍टोरीज कीं। उत्‍तर प्रदेश पंचायत चुनाव 2021 में अलग-अलग दिनों में होने वाली अलग-अलग स्‍थानों की वोटिंग, काउंटिंग और रिजल्‍ट से जुड़ी खबरों को पाठकों तक बखूबी पहुंचाया। इस दौरान खबरों की प्‍लानिंग, लाइव ब्‍लॉग लाइव करने के साथ मल्‍टीपल स्‍टोरीज करने का अवसर मिला। 2021 में माफिया मुख्‍तार अंसारी की बांदा जेल में वापसी पर भी प्रतिद्वंद्वियों से बेहतर कवरेज की। ढाई साल में उत्‍तर प्रदेश के अंदर हुई इस उथल-पुथल के बाद कन्‍नौज के पियूष जैन कांड की खबर को ब्रेक किया। इस केस में रेग्‍युलर कवरेज करने के अलावा कई एक्‍सक्‍लूसिव स्‍टोरीज करने का मौका भी मिला। तत्‍पश्‍चात् कानपुर मेट्रो से जुड़े कार्यों की कवरेज कर औपचारिक तौर पर पहली बार प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के दौरे और प्रथम कॉरिडोर के उद्घाटन की कवरेज करने के साक्षी रहे। उतार-चढ़ाव से भरा डिजिटल मीडिया का यह पहला अनुभव काफी शानदार रहा और बेहतरीन कवरेज से यूपी टीम में कानपुर सेक्‍शन को दूसरा सर्वाधिक Pageviews वाला सेक्‍शन बनाने में योगदान दिया। दैनिक भास्‍कर (DB Digital) के साथ उत्‍तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में भगवा लहर के साक्षी रहे। डिजिटल मीडिया के दूसरे पड़ाव में प्रदेश की चुनावी सरगर्मी को भांपने का अवसर मिला। इसके साथ-साथ उत्‍तर प्रदेश की सैकड़ों तहसील, ब्‍लॉक व गांव इत्‍यादि की दैनिक खबरों का नियोजन कर उन्‍हें फ्लैश करने की जिम्‍मेदारी का निर्वाह किया। दूसरे पड़ाव में उत्‍तर प्रदेश के ग्रामीण परिवेश को खबरों के लिहाज से करीने से समझा और स्‍थानीय क्षेत्रों की समस्याओं को बड़े स्‍तर तक पहुंचाने का काम किया। विधानसभा चुनाव की छोटी-बड़ी खबरों को ब्रेक करने के साथ-साथ ऑब्‍जर्वेशन आधारित मल्‍टीपल स्‍टोरीज करने का अवसर भी मिला।इंडिया टीवी में समाचार लेखन और प्रस्‍तुतिकरण का एक नया अनुभव प्राप्‍त करने का सौभाग्‍य मिला। यू-ट्यूब की दुनिया में खबरों के महत्‍व, लेखन और प्रासंगिकता को समझने का अवसर मिला। जिसके बाद पंजाबी गायक स‍िद्धू मूसेवाला मर्डर केस और महाराष्‍ट्र के सियासी संकट की खबर को ब्रेक किया। यूपी में निर्माणाधीन एक्‍सप्रेस-वे पर वीडियो पैकेज बनाकर दर्शकों के सम्‍मुख यूट्यूब ओरिएंटेड एक्‍सक्‍लूसिव स्‍टोरी पेश की। राजू श्रीवास्‍तव-मुलायम सिंह यादव का निधन, श्रद्धा वाल्‍कर मर्डर केस, जोशीमठ की प्राकृतिक आपदा और द्रौपदी मुर्मू के राष्‍ट्रपति बनने के सफर पर कई वीडियो और उनकी LIVE स्‍ट्रीमिंग करने का मौका मिला। इनके अलावा साल 2022 में हुए गुजरात और हिमाचल प्रदेश के व‍िधानसभा चुनाव एवं दिल्‍ली एमसीडी चुनाव से जुड़े वीडियो पर खबरों की कवरेज (यू-ट्यूब पर), लाइव स्‍ट्रीमिंग की। चैनल के शो 'आप की अदालत' की री-लॉन्चिंग पर टीम के साथ को-ऑर्डिनेशन से लाइव स्‍ट्रीमिंग और वीडियो पैकेजिंग का अनुभव प्राप्‍त किया। इसके बाद माफिया अतीक अहमद की साबरमती जेल से वापसी और उसके बेटे के एनकाउंटर पर आधारित वीडियोज़ को बेहतरीन इमेज-कंटेंट क्रिएशन के साथ पब्लिश किया। कोई भी खबर न रुके, न छूटे, न चूके...इसी उद्देश्‍य के साथ विविधता से परिपूर्ण इस यात्रा को आगे बढ़ा रहे हैं।

और पढ़ें
End of Article