नोएडा

Delhi-NCR Rain: अचानक छाए काले बादल, धूल भरी आंधी में लिपटा दिल्ली-एनसीआर; 2 दिन बारिश के आसार

Delhi-NCR Mausam: दिल्ली एनसीआर में अचानक मौसम बदलते ही धूल भरी आंधी के साथ तेज बारिश का सामना करना पड़ा। आईएमडी ने गुरुवार और शुक्रवार को बारिश होने और आंधी आने का अनुमान जताया है।

Image

दिल्ली-एनसीआर का मौसम

Delhi-NCR Mausam: दिल्ली एनसीआर में भीषण गर्मी के बीच गुरुवार की शाम अचानक मौसम बदल गया। शाम होते ही मौसम के करवट लेते ही धूलभरी तेज आंधी के साथ बारिश का झोंका आया। फिलहाल, आसमान में बादल काले छाए हुए हैं और बूंदाबांदी हो रही है। मौसम बदलने के बाद भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों बारिश की उम्मीद जताई है। अगर, आईएमडी का पूर्वानुमान सही रहा तो अगले तीन से चार दिन गर्मी से राहत रहेगी।

फिल्म सिटी में आंधी

नोएडा फिल्म सिटी में तेज हवाओं के झोंके से मौसम सुहावना हो गया है। शाम 6:20 के आसपास तेज बारिश का झोंका आया, जिससे मौसम खुशनुमा हो गया। कयास लगाए जा रहे हैं कि देर शाम तक बौछारें पड़ सकती हैं। दिल्ली में बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से 5.9 डिग्री अधिक है। आईएमडी ने बृहस्पतिवार और शुक्रवार को बारिश होने तथा आंधी आने का अनुमान व्यक्त किया है। आईएमडी ने कहा कि अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। राष्ट्रीय राजधानी के कुछ इलाकों में बृहस्पतिवार को धूल भरी आंधी चली।

दिल्ली की वायु गुणवत्ता 'खराब' श्रेणी में दर्ज की गई, क्योंकि सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 243 था। शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को 'अच्छा', 51 से 100 के बीच को 'संतोषजनक', 101 से 200 के बीच को 'मध्यम', 201 से 300 के बीच को 'खराब', 301 से 400 के बीच को 'बहुत खराब' और 401 से 500 के बीच को 'गंभीर' माना जाता है।

यूपी में बारिश

उधर, उत्तर प्रदेश में गुरुवार दोपहर अचानक मौसम बदल गया। राजधानी लखनऊ, कानपुर और गोरखपुर समेत करीब 25 जिलों में तेज हवाओं के झोंके साथ बारिश हुई। लखीमपुर खीरी, पीलीभीत और बहराइच में ओलावृष्टि होने से किसानों को भारी नुकसान हुआ है। वहीं, आकाशीय बिजली गिरने से 6 लोगों की मौत हो गई है। मौसम विभाग राज्य के विभिन्न हिस्सों के लिए आंधी और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article