Noida News: नोएडा हो या कोई अन्य इलाक हो। महिलाओं की सुरक्षा पर अक्सर सवाल उठते रहे हैं। यहां आए दिन महिलाओं के साथ बदसलूकी और छेड़खानी के मामले सामने आते रहते हैं। नोएडा में एक निजी कंपनी में काम करने वाली महिला एचआर हेड के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। हैरान करने वाली बात ये है कि बदसलूकी और छेड़खानी करने वाले दोनों युवक उसी कंपनी में काम किया करते थे। महिला एचआर हेड के साथ बदसलूकी करने वाले इन दोनों युवकों के खिलाफ पुलिस में मुकदमा दर्ज किया गया।
कंपनी ने निकाले जाने के बाद एचआर हेड से छेड़खानी
अधिकारी के मुताबिक, पुलिस मुकदमा दर्ज आरोपियों की तलाश में जुटी है। थाना सेक्टर-126 के प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को दी गई शिकायत में महिला ने बताया कि वह सेक्टर-126 थाना क्षेत्र स्थित एक कंपनी में बतौर एचआर हेड कार्यरत है। सिंह ने पीड़िता की शिकायत के हवाले से बताया कि महिला एचआर हेड ने बीते दिनों कंपनी में कार्यरत आर्यन त्यागी और मोनित गोस्वामी को नौकरी से निकाल दिया था। उन्होंने बताया कि उसी दिन जब महिला रात साढ़े आठ बजे के करीब ग्रेटर नोएडा स्थित अपने घर लौट रही थी, तभी कोटक महिंद्रा बैंक तिराहे पर दोनों युवक आर्यन और मोनित ने उनके साथ बदसलूकी और छेड़खानी शुरू कर दी।
अधिकारी ने आगे बताया कि आसपास मौजूद लोगों ने जब इस घटना को देखा तो इसका विरोध किया। लोगों के विरोध के बाद दोनों आरोपियों ने महिला को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी और वहां से फरार हो गए। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही आरोपियों की भी तलाश की जा री है।
