नोएडा

नोएडा में जाम की चिंता होगी खत्म, भंगेल एलिवेटेड रोड का काम अगस्त में हो जाएगा पूरा

नोएडा में दादरी-सूरजपुर-छलेरा यानी DSC रोड पर भंगेल एलिवेटेड रोड बनाया जा रहा है। यह एलिवेटेड रोड दिसंबर 2022 तक बनकर तैयार हो जाना चाहिए था। आखिरकार प्राधिकरण के अनुसार अब अगले महीने तक इसका काम पूरा हो जाएगा। चलिए जानते हैं इससे किन इलाकों को फायदा होगा।

Image

भंगेल एलिवेटेड रोड का काम अगस्त में पूरा हो जाएगा (फोटो - AI)

दिल्ली से सटे नोएडा में एक बड़े इलाके को ट्रैफिक जाम से मुक्ति दिलाने के लिए वर्षों पहले एलिवेटेड रोड की परिकल्पना की गई। इसका काम भी शुरू हुआ, लेकिन यह परियोजना लेट-लतीफी की भेंट चढ़ गई। जी हां, बात दादरी-सूरजपुर-छलेरा यानी DSC रोड पर बन रहे भंगेल एलिवेटेड रोड की ही हो रही है। अब इसमें ताजा अपडेट ये है कि आखिरकार यहां बिटुमिन डालने का काम सोमवार को पूरा हो गया। प्राधिकरण के अधिकारियों की तरफ से दावा किया जा रहा है कि एलिवेटेड रोड का काम अगले महीने यानी अगस्त में पूरा कर लिया जाएगा और जल्द ही इसे आम जनता के लिए खोल भी दिया जाएगा।

भंगेल एलिवेटेड रोड का निर्माण नोएडा सेक्टर 41 आगाहपुर से फेज-2 के पास नाले तक किया जा रहा है। इस एलिवेटेड रोड को बनाने में 608 करोड़ रुपये खर्च हो रहे हैं। नोएडा अथॉरिटी के अधिकारियों के अनुसार अब एलिवेटेड रोड पर लाइटिंग और एंट्री-एग्जिट वाले रास्तों के सौंदर्यीकरण का काम शुरू किया जाएगा। इस एलिवेटेड रोड के हर एक कर्व पर कवरिंग शीट भी लगाई जाएगी, ताकि यहां दुर्घटना की संभावनाओं को कम किया जा सके।

प्राधिकरण के अनुसार एलिवेटेड रोड पर ट्रैफिक शुरू होने के बाद नीचे वाली सड़क बनाने का काम शुरू होगा। एलिवेटेड रोड पर चढ़ने और उतरने के लिए दो-दो लूप बनाने के लिए भी टेंडर जारी किए जाएंगे। प्राधिकरण के अनुसार लूप बनाने का काम 6 महीने में पूरा होगा जाएगा। इन लूप के बनने से लोगों को ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिल जाएगी।

भंगेल एलिवेटेड रोड के बनकर पूरा होने और इस पर ट्रैफिक की आवाजाही शुरू होने के नोएडावासियों को लंबे समय से इंतजार है। यह परियोजना ढाई साल की देरी से चल रही है। इस परियोजना पर जून 2020 में काम शुरू हुआ था और दिसंबर 2022 तक इसका काम पूरा हो जाना चाहिए था। लेकिन जुलाई 2025 भी खत्म होने को है और अब तक इसका निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया है।

भंगेल एलिवेटेड रोड की परिकल्पना इस तरह से की गई थी कि इसके बनने से नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा। लोगों को ट्रैफिक जाम की समस्या से मुक्ति मिलेगी। लेकिन वर्षों पहले देखे गए यह सपने आज भी सपने ही हैं। काम पूरा होने के बाद चिल्ला बॉर्डर, डीएनडी और कालिंदी कुंज की तरफ से आने वाला ट्रैफिक एलिवेटेड रोड का इस्तेमाल करके सूरजपुर व ग्रेनो के अलग-अलग क्षेत्रों की ओर जा सकेंगे। मौजूदा दौर में महामाया फ्लाईओवर के पास सुबह और शाम के समय भारी ट्रैफिक जाम लग जाता है। उम्मीद की जा रही है कि भंगेल एलिवेटेड रोड बन जाने से यहां ट्रैफिक का दबाव कुछ कम होगा।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article