नोएडा

Badaun Accident: अज्ञात वाहन की चपेट में आने से भाई-बहन की मौत, एक घायल

Badaun Accident: यूपी के बदायूं में साइकिल से स्कूल जा रहे तीन छात्र एक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। हादसे में दो छात्रों की मौत हो गई है और एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया है। पुलिस ने मृतक छात्रों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Image

बदायूं अज्ञात वाहन की चपेट में आने से भाई-बहन की मौत (फोटो - टाइम्स नाउ नवभारत)

Badaun Accident: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के सहसवान थाना क्षेत्र में सोमवार यानी आज सुबह साइकिल से स्कूल जा रहे तीन बच्चों हादसे का शिकार हो गए। इस दुर्घटना में दो बच्चों की मौत हो गई है और एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि अज्ञात वाहन ने चपेट में आने से यह हादसा हुआ है। पुलिस ने बताया कि इस घटना में जिन दो छात्रों की मौत हुई है वह भाई-बहन है।

अज्ञात वाहन की चपेट में आने से दो बच्चों की मौत

अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के.के. सरोज ने बताया कि आज सुबह करीब साढ़े सात बजे ग्राम सिलहरी में सड़क दुर्घटना की सूचना पर सहसवान थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को छानबीन में पता चला कि गांव फिरोजाबाद नरौटा निवासी अंकित (11) और उसकी बहन अंशू (12) तथा खुशबू (12) साइकिल से गांव नगला चोई स्थित नाहर सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के लिये जा रहे थे तभी गांव सिलहरी में किसी अज्ञात वाहन ने उनकी साइकिल में टक्कर मार दी।

सरोज ने बताया कि हादसे में तीनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पुलिस द्वारा सहसवान स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सक ने अंकित व अंशू को मृत घोषित कर दिया तथा खुशबू को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल रैफर कर दिया। उन्होंने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

निर्देशों को न माने वाले स्कूलों के खिलाफ होगी कार्रवाई

पुलिस अधिकारी ने बताया कि तहरीर प्राप्त होने के बाद मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी बदायूं ने कांवड़ यात्रा के मद्देनजर मार्ग परिवर्तन की वजह से कक्षा एक से कक्षा 12 तक के समस्त स्कूलों को शनिवार से सोमवार तक बंद करने के निर्देश दिए हैं, इसके बावजूद भी कुछ स्कूल खुल रहे हैं। इस संदर्भ में जिलाधिकारी अवनीश राय ने बताया कि मामला मीडिया द्वारा उनके संज्ञान में लाया गया है और वह इसकी जांच करवाएंगे।

राय ने बताया कि निर्देशों को न मानने वाले स्कूलों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र सिंह ने बताया की इस मामले की जांच की जा रही है और स्कूल प्रबंधन से भी स्पष्टीकरण मांगा जाएगा कि जिलाधिकारी और उनके निर्देश के बावजूद स्कूल क्यों खोला गया और स्कूल की मान्यता की भी जांच की जाएगी।

(इनपुट - भाषा)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article