शहर

‘एक घंटा सोच लो,ये आपकी किस्मत बदल देगा’; जेवर के किसानों को जमीन देने के लिए सीएम योगी ने कैसे किया था राजी

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य मंत्रिमंडल से अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद अधिकारियों को भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी करने के लिए 100 दिन का समय दिया गया था। हालांकि, तय समय बीतने के बाद भी कोई प्रगति नहीं हुई, तब उन्होंने खुद इसका बीड़ा उठाया और फिर किसानों को राजी किया।

Image

जेवर एयरपोर्ट के लिए जमीन देने वाले किसानों का सीएम योगी ने किया सम्मान।

आज का दिन नोएडा ही नहीं बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश के लिए ऐतिहासिक रहा। आज नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से वाणिज्यिक उड़ान सेवाएं शुरू हो गईं। इससे पहले आज जेवर एयरपोर्ट से एक खास विमान ने उड़ान भरी। इस विमान में वो 170 किसान शामिल थे, जिन्होंने इस एयरपोर्ट के लिए अपनी जमीन दी थी। इन किसानों ने लखनऊ पहुंचकर सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इस दौरान,सीएम ने नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण के शुरुआती दौर की कहानी साझा की। उन्होंने बताया कि जब किसानों ने जमीन देने से साफ इनकार कर दिया था,तब उन्होंने ही किसानों को भरोसा दिलाया था कि यह एयरपोर्ट उनकी किस्मत बदल देगा।

सीएम योगी ने किसानों का स्वागत करते हुए कहा कि जेवर से वाणिज्यिक उड़ानों की शुरुआत केवल एक हवाईअड्डे का उद्घाटन नहीं, बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश, गौतमबुद्ध नगर और देश के विमानन क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है।

भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी करने के लिए दिए गए थे 100 दिन

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य मंत्रिमंडल से अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद अधिकारियों को भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी करने के लिए 100 दिन का समय दिया गया था। हालांकि, तय समय बीतने के बाद भी कोई प्रगति नहीं हुई। जब उन्होंने अधिकारियों से कारण पूछा तो बताया गया कि किसान अपनी जमीन देने को तैयार नहीं हैं।

    फिर ऐसे बनी बात

    इसके बाद सीएम योगी ने गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय में करीब 100 किसानों के साथ बैठक की। उन्होंने बताया कि जब मैंने किसानों से कहा कि हम यहां एयरपोर्ट बनाना चाहते हैं,तो उन्होंने साफ कहा कि वे अपनी जमीन नहीं देंगे। उन्होंने आगे कहा कि फिर हमने किसानों को समझाया कि यह परियोजना पूरे क्षेत्र की तस्वीर बदल देगी और आने वाली पीढ़ियों के लिए नए अवसर लेकर आएगी। हमने किसानों से कहा, अवसर बार-बार नहीं आते। जो लोग उन्हें पहचान लेते हैं, वे इतिहास का हिस्सा बन जाते हैं। इसके बाद आखिर में मैनें किसानों से कहा कि उनके पास एक घंटा है इसमें वे और सोंच लें और फिर निर्णय लें। योगी ने बताया कि आखिरकार किसानों ने उन पर भरोसा जताया और स्थानीय विधायक धीरेंद्र सिंह, यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) तथा नागरिक उड्डयन विभाग के सहयोग से परियोजना आगे बढ़ सकी।

    आज का दिन एविएशन सेक्टर के लिए ऐतिहासिक

    सीएम योगी ने कहा कि आज 1,300 हेक्टेयर से अधिक भूमि पर विकसित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा तैयार है और इसकी सफलता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदृष्टि तथा किसानों के सहयोग का परिणाम है। सीएम ने कहा कि भारत में सर्वाधिक संभावनाओं वाले नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने आज से कमर्शियल फ्लाइट प्रारंभ की है। ऐसे में आज का दिन जेवर, गौतमबुद्ध नगर, पश्चिमी उप्र, प्रदेश व देश के एविएशन सेक्टर के लिए ऐतिहासिक है, इसके पीछे प्रेरणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की और योगदान किसानों का है। विधायक धीरेंद्र सिंह ने इस कड़ी को जोड़ा है।

    जेवर ने इतिहास रच दिया

    सीएम ने कहा कि जेवर अब पुराना जेवर नहीं रहा, इसने इतिहास रच दिया है। जेवर क्षेत्र 9 साल पहले उत्तर प्रदेश की आपराधिक गतिविधियों का केंद्र बन गया था। शाम होते आवागमन बंद हो जाता था। बेटी असुरक्षित थी, नौजवान के सामने भविष्य का संकट और किसानों के लिए कोई सुविधा नहीं थी। किसानों का उत्पीड़न भी किसी से छिपा नहीं था। सड़क, बिजली, स्वास्थ्य सुविधा, स्कूल, रोजगार, गरीबों के लिए कोई पहल नहीं होती थी।

    अब ‘कुबेर’ भी आना चाहते हैं जेवर

    सीएम ने कहा कि आज बड़ी से बड़ी कंपनियां जेवर आना चाहती हैं। वहां अब ‘कुबेर’ भी आना चाहते हैं। जेवर एयरपोर्ट भारत का पहला कार्गो व एमआरओ केंद्र बनने जा रहा है। अन्न, फल, मत्स्य, सब्जी आदि पैदा करने वाला उत्तर प्रदेश का किसान यहां कार्गो से अपने उत्पादों को दुनिया में पहुंचाएगा। स्थानीय बाजार में उसे दाम भले कम मिले, लेकिन दुनिया के बाजार में कई गुना दाम मिलेगा। आम का दाम यहां अधिकतम 50 रुपये पहुंचेगा, लेकिन दुनिया के बाजार में 800 से 1000 रुपये किलो बिकता है। 200 रुपये प्रति किलो कार्गो खर्च जोड़ लें, तब भी किसान को 600 रुपये का लाभ मिलेगा। जिस किसान को यहां 10 रुपये प्रति किलो का लाभ नहीं मिल पा रहा, उसे 600 रुपये का लाभ मिलेगा तो वह समृद्ध बनेगा।

    28 महिलाओं समेत कुल 170 किसानों ने की हवाई यात्रा

    सीएम ने किसानों को आश्वस्त किया कि डबल इंजन सरकार जितना बोलती है, उतना करती है। इससे आपको कभी निराश-हताश नहीं होना पड़ेगा। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास व सबका प्रयास का अभियान निरंतर बढ़ता रहेगा। अपनी जमीन से पहली फ्लाइट में बैठकर मुख्यमंत्री आवास तक की यात्रा में आप भागीदार बने। 28 महिलाओं समेत कुल 170 किसान यहां आए, विश्वास है कि यहां से जेवर लौटकर आप सब इस शानदार यात्रा को स्मृतियों में बनाए रखेंगे।

    इस दौरान वित्त व संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, जेवर के विधायक धीरेंद्र सिंह, अपर मुख्य सचिव (वित्त/नागरिक उड्ड्यन) दीपक कुमार, इंडिगो के स्पेशल डायरेक्टर आरके सिंह, मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी, यीडा के सीईओ आरके सिंह आदि मौजूद रहे।

    देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

    Shiv Shukla
    शिव शुक्लाauthor

    शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

    और पढ़ें
    End of Article