Jewar Airport First Flight: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सोमवार को शुरू हुई पहली वाणिज्यिक उड़ान कई किसानों के लिए यादगार और भावुक क्षण लेकर आई। इस ऐतिहासिक उड़ान में वे किसान भी शामिल थे, जिन्होंने एयरपोर्ट निर्माण के लिए अपनी जमीन दी थी। अपने गांव से सीधे हवाई जहाज में बैठकर राजधानी लखनऊ पहुंचने का अनुभव किसानों के लिए किसी सपने के सच होने जैसा था।
लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर उतरने के बाद किसानों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया। साथ ही कहा कि वर्षों से हवाई यात्रा करने का जो सपना उन्होंने देखा था, वह अब पूरा हो गया है।
किसानों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का धन्यवाद किया
इस मौके पर जेवर निवासी पूनम ने बताया कि एयरपोर्ट परियोजना के लिए उनकी जमीन अधिग्रहित की गई थी। उन्होंने कहा कि पहली बार हवाई जहाज में सफर करने का अवसर मिला है, जिसे वह अपने जीवन के सबसे यादगार पलों में से एक मानती हैं। पूनम ने कहा कि सरकार ने किसानों को सम्मान देने का काम किया है और वह मुख्यमंत्री से मिलकर उनका धन्यवाद करने आई हैं।
किसान धर्मवीर शर्मा ने कहा कि उनके गांव में विश्वस्तरीय अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा बनना ही गर्व की बात है, लेकिन उसी एयरपोर्ट से उड़ान भरकर राजधानी पहुंचना उनके लिए और भी विशेष अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि सरकार ने यह साबित कर दिया है कि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उसकी प्राथमिकता है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसानों से किए गए वादों को पूरा किया गया है।
उड़ान में शामिल हिरा रशीद ने भी अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि लखनऊ तक की हवाई यात्रा उनके लिए अविस्मरणीय अनुभव रही। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को दिया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर इसे भी पढ़ें- बुलेट ट्रेन परियोजना में पहली बार इस्तेमाल होगी 'वेंटिलेटेड हुड' तकनीक, जानिए क्या होगा इसका काम
योगी जी ने हवाई चप्पल पहनने वालों को हवाई जहाज में बैठा दिया - किसान
किसान हाजी जफर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना करते हुए कहा कि सरकार ने ऐसा काम किया है कि हवाई चप्पल पहनने वालों को हवाई जहाज में बैठा दिया। कभी हवाई यात्रा के बारे में सोच भी नहीं पाने वाले लोग आज हवाई जहाज में सफर कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि भूमि अधिग्रहण के दौरान किसानों से संवाद स्थापित किया गया और उनकी सहमति से परियोजना को आगे बढ़ाया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों से आम लोगों का जीवन बदल रहा है।
किसान इकबाल कल्लू ने कहा कि एयरपोर्ट के लिए उनकी जमीन गई थी और आज उसी एयरपोर्ट से उड़ान भरकर राजधानी पहुंचना उनके लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि किसानों को केवल मुआवजा ही नहीं मिला, बल्कि उन्हें विकास की इस यात्रा का सहभागी भी बनाया गया।
सालों पुराना सपना आज पूरा हो गया- सुमन
महिला किसानों में भी इस अवसर को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। किसान सुमन ने बताया कि यह उनके जीवन की पहली हवाई यात्रा थी और वर्षों पुराना सपना आज साकार हो गया। वहीं मीनू ने कहा कि एयरपोर्ट बनने के बाद पहली बार उन्होंने अपनी जमीन और गांव को आसमान से देखा, जिसे वह कभी नहीं भूल पाएंगी।
कई सरकारें देखी, लेकिन इतना अच्छा दौर पहले नहीं देखा- जयवीर, किसान
बुजुर्ग किसान जयवीर ने कहा कि उन्होंने अपने जीवन में कई सरकारें देखी हैं, लेकिन विकास का ऐसा दौर पहले कभी नहीं देखा। उनके अनुसार किसानों को सम्मान देने की यह पहल लंबे समय तक याद रखी जाएगी। किसान जयकरन सिंह ने भी कहा कि एयरपोर्ट बनने से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और आने वाली पीढ़ियों के लिए रोजगार तथा अवसरों के नए रास्ते खुलेंगे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
