Kartik Purnima Vrat Katha: हिंदू धर्म में कार्तिक पूर्णिमा का विशेष महत्व है। इस दिन भगवान विष्णु और भगवान शिव की पूजा की जाती है। इसके साथ ही पवित्र नदी में स्नान, दान और दीपदान करने किया जाता है। कार्तिक पूर्णिमा को त्रिपुरारी पूर्णिमा और देव दीपावली के नाम से भी जाना जाता है। इसके पीछे भगवान शिव और तीन असुर भाइयों के वध की पौराणिक कथा जुड़ी है। मान्यता है कि इसी दिन भगवान शिव ने एक ही बाण से तीनों असुरों के तीन नगरों का अंत किया था। इस विजय की खुशी में देवताओं ने दीप जलाकर उत्सव मनाया था। उस दिन से ही कार्तिक पूर्णिमा पर देव दीपावली मनाई जाती है।
कार्तिक पूर्णिमा पर व्रत रखने वाले और पूजा करने वाले लोग इस दिन भगवान शिव की इस कथा को पढ़ते और सुनते हैं। शिव पुराण की रुद्र संहिता के युद्ध खंड में त्रिपुर के निर्माण और भगवान शिव के त्रिपुरासुर वध का विस्तार से वर्णन मिलता है। आइए जानते हैं कार्तिक पूर्णिमा की पूरी पौराणिक कथा क्या है।
कार्तिक पूर्णिमा व्रत कथा (Kartik Purnima Vrat Katha)
पौराणिक कथा के अनुसार प्राचीन समय में तारकासुर नाम का एक शक्तिशाली असुर था। उसका वध भगवान शिव के पुत्र कार्तिकेय ने किया था। पिता की मृत्यु के बाद उसके तीन पुत्र तारकाक्ष, कमलाक्ष और विद्युन्माली बहुत दुखी और क्रोधित हो गए। तीनों भाइयों ने देवताओं से बदला लेने और अपनी शक्ति बढ़ाने का संकल्प लिया।
इसके लिए वे मेरु पर्वत पर गए और भगवान ब्रह्मा को प्रसन्न करने के लिए कठोर तपस्या शुरू कर दी। उन्होंने लंबे समय तक कठिन तप किया। उनकी तपस्या से प्रसन्न होकर ब्रह्मा जी उनके सामने प्रकट हुए और वरदान मांगने को कहा। इस पर तीनों असुर भाइयों ने ब्रह्मा जी से अमर होने का वरदान मांगा। इस पर ब्रह्मा जी ने कहा कि जन्म लेने वाले प्रत्येक प्राणी की मृत्यु निश्चित है। इस कारण वे उन्हें अमरता का वरदान नहीं दे सकते हैं और उन्होंने कोई दूसरा वर मांगने के लिए कहा। इसके बाद तीनों भाइयों ने एक विशेष वरदान मांगा। उन्होंने कहा कि उनके लिए तीन ऐसे शक्तिशाली नगर बनाए जाएं, जिन्हें देवता भी नष्ट न कर सकें।
ये तीनों नगर अलग-अलग स्थानों पर रहें और एक निश्चित समय के बाद ही एक सीध में आएं। जब तीनों नगर एक साथ एक पंक्ति में हों, तब कोई महान योद्धा एक ही बाण से तीनों को नष्ट कर सके तभी उनकी मृत्यु संभव हो। ब्रह्मा जी ने उनकी इच्छा स्वीकार कर ली और तीनों नगरों के निर्माण का आदेश दिया।
मय दानव ने बनाए सोने, चांदी और लोहे के तीन नगर
ब्रह्मा जी की आज्ञा से असुरों के वास्तुकार मय दानव ने तीन अद्भुत नगरों का निर्माण किया। सबसे बड़े भाई तारकाक्ष के लिए सोने का नगर बनाया गया। कमलाक्ष को चांदी का नगर मिला और विद्युन्माली के लिए लोहे का नगर तैयार किया गया।
ये तीनों नगर स्वर्ग, आकाश और पृथ्वी पर स्थित थे। इन्हें मिलाकर त्रिपुर कहा गया और तीनों असुर भाई त्रिपुरासुर कहलाए। इन नगरों में महल, बगीचे, सुंदर सरोवर और सुख-सुविधाओं के सभी साधन मौजूद थे। तीनों भाई अपने-अपने नगरों में रहने लगे।
शुरुआत में त्रिपुर के निवासी धार्मिक कार्यों में लगे रहते थे और भगवान शिव की पूजा करते थे, लेकिन धीरे-धीरे उनकी शक्ति और प्रभाव बढ़ने के साथ परिस्थितियां बदलने लगीं। इस कारण त्रिपुर के निवासियों की धार्मिक आस्था कमजोर पड़ने लगी। इसके बाद वहां अधर्म और अव्यवस्था बढ़ गई। देवताओं को लगने लगा कि त्रिपुर की शक्ति से तीनों लोकों का संतुलन बिगड़ रहा है।
देवताओं ने भगवान शिव से मांगी मदद
त्रिपुरासुर के बढ़ते प्रभाव से परेशान होकर सभी देवता भगवान ब्रह्मा और विष्णु के पास पहुंचे। उन्होंने अपनी परेशानी बताई और तीनों नगरों को नष्ट करने का उपाय पूछा। देवताओं को समझ आ गया था कि ब्रह्मा के वरदान के कारण त्रिपुर का अंत करना आसान नहीं है। आखिरकार सभी देवता भगवान शिव की शरण में पहुंचे। उन्होंने महादेव से त्रिपुरासुर के आतंक से मुक्ति दिलाने की प्रार्थना की। भगवान शिव ने उनकी बात सुनी और त्रिपुर का अंत करने का निश्चय किया।
हालांकि, भगवान शिव जानते थे कि त्रिपुर के निवासी पहले उनके भक्त रहे हैं। इस कारण उन्होंने देवताओं को धर्म और आचरण के महत्व का भी स्मरण कराया। जब त्रिपुर के निवासी धर्म से विमुख हो गए और देवताओं के लिए संकट बढ़ गया, तब महादेव ने उनके संहार का निर्णय लिया।
भगवान शिव के लिए तैयार हुआ अद्भुत दिव्य रथ
अब सबसे बड़ी चुनौती थी तीनों नगरों को एक ही बाण से नष्ट करना। इसके लिए भगवान शिव के लिए एक दिव्य रथ तैयार किया गया। इस रथ में समस्त ब्रह्मांड की शक्तियों को शामिल किया गया। मान्यता है कि इसमें पृथ्वी को रथ बनाया गया। सूर्य और चंद्रमा उसके पहिए बने। चारों वेदों को घोड़े और ब्रह्मा जी को सारथी बनाया गया। मेरु पर्वत को धनुष और शेषनाग को उसकी प्रत्यंचा का स्वरूप दिया गया। भगवान विष्णु स्वयं दिव्य बाण बने और अग्निदेव उस बाण की शक्ति के रूप में विराजमान हुए। इस तरह देवताओं की शक्तियों से भगवान शिव के लिए अद्भुत दिव्य रथ और अस्त्र तैयार हुआ। महादेव अपने धनुष और बाण के साथ त्रिपुरासुर का अंत करने के लिए आगे बढ़े।
एक ही बाण से भगवान शिव ने जला दिए तीनों नगर
भगवान शिव और त्रिपुरासुर के बीच भयंकर युद्ध शुरू हो गया। तीनों असुर अपने-अपने नगरों की सुरक्षा में लगे थे। उन्हें ब्रह्मा जी के वरदान पर पूरा भरोसा था। उन्हें लगता था कि जब तक तीनों नगर एक साथ एक सीध में नहीं आएंगे, तब तक उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता है। भगवान शिव उस विशेष क्षण की प्रतीक्षा करने लगे। हजार वर्षों के बाद वह समय आया, जब तीनों नगर एक सीध में आ गए। जैसे ही तीनों नगर एक साथ दिखाई दिए, महादेव ने अपने दिव्य धनुष पर बाण चढ़ाया।
भगवान शिव ने पाशुपत अस्त्र से युक्त बाण छोड़ा। वह बाण इतनी तेज गति से तीनों नगरों की ओर बढ़ा कि कुछ ही क्षणों में उसने सोने, चांदी और लोहे के तीनों नगरों को अग्नि में भस्म कर दिया। इसके साथ ही त्रिपुरासुर का अंत हो गया। महादेव के इस पराक्रम से तीनों लोकों में हर्ष फैल गया। देवताओं और ऋषियों ने भगवान शिव की जय-जयकार की। इस तरह भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का अंत करके देवताओं को उनके संकट से मुक्त कराया।
भगवान शिव कहलाए त्रिपुरारी
तीनों नगरों यानी त्रिपुर का अंत करने के कारण भगवान शिव को त्रिपुरारी और त्रिपुरांतक कहा जाने लगा। त्रिपुरारी का अर्थ है त्रिपुर का नाश करने वाले होता है। जिस दिन त्रिपुरासुर का वध हुआ वो पूर्णिमा का दिन था। इस कारण इस दिन को त्रिपुरारी पूर्णिमा के नाम से भी जाना जाता है। त्रिपुरासुर के अंत से प्रसन्न होकर देवताओं ने भगवान शिव की विशेष पूजा की और दीप जलाकर उत्सव मनाया। मान्यता है कि देवता भगवान शिव की नगरी काशी पहुंचे और गंगा के घाटों पर दीप जलाए। इसी वजह से कार्तिक पूर्णिमा की शाम को देव दीपावली मनाई जाती है। इस दिन काशी के घाटों पर दीपों की रोशनी से अद्भुत नजारा दिखाई देता है। लोग गंगा किनारे दीपदान करते हैं और भगवान शिव की आराधना करते हैं।
कार्तिक पूर्णिमा पर कथा पढ़ने के बाद क्या करें
कार्तिक पूर्णिमा पर सुबह स्नान करके भगवान शिव और भगवान विष्णु की पूजा करें। भगवान शिव को जल, बेलपत्र और फूल अर्पित करें। इसके बाद कार्तिक पूर्णिमा की त्रिपुरासुर वध कथा पढ़ें या परिवार के सदस्यों को सुनाएं। 'ॐ नमः शिवाय' मंत्र का जाप करें। अपनी श्रद्धा के अनुसार अन्न, वस्त्र या जरूरतमंद लोगों को भोजन का दान करें।
शाम को प्रदोष काल में घर के मंदिर, तुलसी के पौधे और मुख्य द्वार पर दीपक जलाएं। संभव हो तो किसी मंदिर या पवित्र नदी के किनारे दीपदान करें। भगवान शिव की आरती करके परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की प्रार्थना करें।
