शहर

Weather Update: उत्तर भारत में बढ़ी ठंड, आज 7 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

Weather Update: उत्तर भारत में देर से ही सही, लेकिन अब सर्दी और कोहरे का असर बढ़ने वाला है। जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में पारा शून्य से नीचे पहुंच गया है, जबकि दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी है।

Image

उत्तर भारत में बढ़ेगा सर्दी की सितम, साउथ में झमाझम बारिश

Weather Update: नवंबर का महीना भी समाप्ति की ओर है, लेकिन देश के बड़े हिस्से में अभी तक कड़ाके की ठंड ने दस्तक नहीं दी है। लेकिन अब देश के मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है। पहाड़ी इलाकों में गिरते तापमान का असर अब उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में भी दिखने लगा है। खासतौर पर दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और बिहार में सुबह-शाम ठंड बढ़ रही है। जबकि, दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।

भारत मौसम विभाग (IMD) के आज यानी मंगलवार 24 नवंबर 2026 के पूर्वानुमान के मुताबिक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में 24 से 27 नवंबर के बीच भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। कर्नाटक सहित दक्षिण भारत के अन्य राज्यों में भी बारिश और गरज-चमक की संभावना जतायी गई है।

दूसरी तरफ, उत्तर भारत में न्यूनतम तापमान में गिरावट और सुबह के समय कोहरे का असर बढ़ सकता है। राजस्थान में भी उत्तरी हवाओं के चलते सर्दी बढ़ गई है। राजस्थान के हिल स्टेशन माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि सीकर के फतेहपुर में 4.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। बता दें कि इससे पहले शनिवार और रविवार को माउंट आबू का तापमान शून्य तक पहुंच गया था।

दिल्ली-NCR में 10 डिग्री तक पहुंच सकता है पारा

दिल्ली-NCR में सर्दी का असर अब लगातार बढ़ रहा है। आज यहां न्यूनतम तापमान करीब 11 डिग्री और अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। सुबह हल्का कोहरा छा सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले छह दिनों तक सुबह के समय कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। सप्ताह के अंत तक यहां का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है।

तापमान गिरने के साथ एक और मुसीबत भी दिल्ली के लोगों के लिए बढ़ सकती है। इस दौरान हवा की रफ्तार कम होने से प्रदूषण की समस्या भी बढ़ सकती है। जानकारों के मुताबिक, धीमी हवा के कारण प्रदूषक तत्व जमीन के करीब जमा हो सकते हैं। इससे दिल्ली-NCR की वायु गुणवत्ता फिर खराब होकर बहुत खराब से गंभीर श्रेणी में पहुंच सकती है।

कश्मीर में शून्य से नीचे पहुंचा तापमान

जम्मू-कश्मीर में सर्दी का असर बढ़ गया है। रविवार को कई इलाकों में इस सीजन की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान माइनस 0.4 डिग्री और शोपियां में माइनस 3.9 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार, नवंबर के अंत तक घाटी में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, लेकिन रात के तापमान में और गिरावट आ सकती है।

उत्तर प्रदेश और बिहार में आज मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, पूर्वी उत्तर प्रदेश में सुबह और रात के समय घना कोहरा छा सकता है। हिमाचल प्रदेश में अगले सात दिनों तक बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन बिलासपुर और मंडी के कुछ इलाकों में घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया गया है।

राजस्थान में सर्द हवाओं से बढ़ी ठिठुरन

राजस्थान में उत्तरी हवाओं के प्रभाव से दिन के तापमान में भी ठंडक महसूस होने लगी है। अलवर, सीकर, पिलानी, श्रीगंगानगर और जयपुर सहित कई जिलों में सुबह हल्की धुंध और दिन में ठंडी हवाएं चल रही हैं। सीकर के फतेहपुर में पारा 4.6 डिग्री तक गिर गया है। सीकर में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री, चूरू में 8.9 और नागौर में 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दूसरी ओर, बाड़मेर में अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे ज्यादा रहा।

राजस्थान में अगले एक हफ्ते तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इस दौरान रात के तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है। जयपुर में सोमवार को अधिकतम तापमान 27.5 और न्यूनतम 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दक्षिण भारत के राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

उत्तर भारत में जहां सर्दी बढ़ रही है, वहीं दक्षिण भारत में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। IMD ने तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में 24 से 27 नवंबर के बीच भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी गई है।

इसके अलावा कर्नाटक, लक्षद्वीप, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हिमाचल प्रदेश के साथ ही उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में कोहरे का असर रहने का अनुमान है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article