क्रिकेट

IPL का नियम लागू करने के मूड में ICC, इंटरनेशनल क्रिकेट में होगी बल्ले की जांच, सौरव गांगुली के प्रस्ताव को मिली मंजूरी

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अब बल्लेबाजों के बल्लों के आकार पर भी सख्ती देखने को मिल सकती है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की तर्ज पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) भी मैदान पर मेटल गेज (बैट गेज) के जरिए बल्लों की औचक जांच की व्यवस्था लागू करने की तैयारी में है।

Image

बैट गेज से चेक किया आएगा बल्ला। फोटो- IPL

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अब बल्लेबाजों के बल्लों के आकार पर भी सख्ती देखने को मिल सकती है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की तर्ज पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) भी मैदान पर मेटल गेज (बैट गेज) के जरिए बल्लों की औचक जांच की व्यवस्था लागू करने की तैयारी में है। इसके तहत मैच के दौरान रेफरी और अंपायर बल्लों के निर्धारित आकार की जांच कर सकेंगे। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर खिलाड़ी को बल्ला बदलने का निर्देश दिया जाएगा।

हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, सौरव गांगुली की अध्यक्षता वाली आईसीसी क्रिकेट समिति ने बल्लों की औचक जांच का सुझाव दिया था। हाल ही में बाली में हुई आईसीसी की बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारियों की समिति (CEC) ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। ऐसे में जल्द ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी आईपीएल की तरह बल्लों की जांच का नियम देखने को मिल सकता है।

आईपीएल की तर्ज पर होगी बल्लों की जांच

हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रस्तावित व्यवस्था के तहत अंतरराष्ट्रीय मैचों में भी मेटल गेज की मदद से बल्लों के आकार की जांच की जाएगी। अगर किसी खिलाड़ी का बल्ला निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया जाता है तो उसे तुरंत बदलना होगा। यही व्यवस्था आईपीएल में पहले से लागू है।

मेरिलबोन क्रिकेट क्लब (MCC) के क्रिकेट नियमों के मुताबिक, बल्ले के किनारों की मोटाई 1.56 इंच से अधिक नहीं हो सकती। वहीं, इसकी अधिकतम गहराई 2.64 इंच और चौड़ाई 4.25 इंच निर्धारित है। आईसीसी के नियमों में इन मानकों की जांच के लिए विशेष गेज का प्रावधान पहले से मौजूद है, लेकिन मैदान पर मैच के दौरान अचानक जांच करने की व्यवस्था नहीं थी।

आईपीएल में हर पारी से पहले होती है जांच

आईपीएल में अंपायर मेटल गेज की मदद से बल्लेबाजों के बल्लों की जांच करते हैं। हर पारी शुरू होने से पहले चौथे अंपायर दोनों ओपनर्स के बल्लों को भी परखता है। इसके अलावा मैच के दौरान भी बल्ले की जांच की जाती है। निर्धारित आकार से बड़ा बल्ला इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं होती। यह नियम रिप्लेसमेंट के तौर पर लाए गए बल्लों पर भी लागू होता है।

इस व्यवस्था से पहले आईपीएल में मैच से एक दिन पहले ही बल्लों की जांच की जाती थी। ऐसे में खिलाड़ियों के पास मैच के दौरान ऐसे बल्ले इस्तेमाल करने की गुंजाइश थी, जिनकी जांच नहीं हुई होती थी। मैदान पर जांच की नई व्यवस्था लागू होने के बाद इस संभावना को खत्म कर दिया गया।

ECB ने 2018 में शुरू की थी यह व्यवस्था

इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने 2018 में सबसे पहले मैदान पर बल्लों की औचक जांच की व्यवस्था शुरू की थी। अब आईसीसी भी इसे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लागू करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। हालांकि, आईपीएल में निर्धारित आकार से बड़े बल्ले के इस्तेमाल पर अलग से कोई अतिरिक्त जुर्माना नहीं लगाया जाता। आईसीसी इस मामले में क्या रुख अपनाएगा, यह अभी स्पष्ट नहीं है।

बल्ले और गेंद के संतुलन पर ICC का जोर

यह पहल ऐसे समय में हो रही है, जब व्हाइट बॉल क्रिकेट में बल्लेबाजों का दबदबा लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में बल्ले और गेंद के बीच संतुलन बनाए रखने को लेकर बहस तेज हो गई है। आईसीसी ने हाल ही में वनडे क्रिकेट में दो नई गेंदों के इस्तेमाल से जुड़े नियम में बदलाव किया है, ताकि गेंदबाजों को रिवर्स स्विंग हासिल करने में मदद मिल सके। अब बल्लों की औचक जांच की व्यवस्था भी इसी दिशा में एक अहम कदम हो सकती है।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 8 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article