शहर

Bihar Weather Update: बिहार के 19 जिलों में कोहरे का अलर्ट, गिरता पारा बढ़ाएगा ठिठुरन

Bihar Weather Update: बिहार के 19 जिलों के लिए मौसम विभाग ने आज कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है। यही नहीं अगले 48 घंटे में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री तक गिर सकता है, जिससे ठिठुरन बढ़ने की संभावना है।

Image

बिहार में बढ़ने वाला है सर्दी का सितम

Bihar Weather Update: बिहार में ठंड का असर अब दिखने लगा है। नवंबर के अंतिम सप्ताह में ठंड का असर भी बढ़ने लगा है। सुबह और रात के तापमान में गिरावट के चलते लोगों को ठिठुरन महसूस हो रही है। इस बीच मौसम विभाग ने आज यानी मंगलवार 24 नवंबर को राज्य के 19 जिलों में कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है। पटना सहित इन जिलों में सुबह के समय हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने की संभावना है।

IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले 48 घंटे में दिन और रात के तापमान में विपरीत बदलाव देखने को मिल सकता है। जहां अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है, वहीं न्यूनतम तापमान में इतनी ही गिरावट भी आने का अनुमान है।

इसका मतलब है कि दोपहर में धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत जरूर मिलेगी, लेकिन सुबह और रात में ठंड का असर बढ़ने से परेशानी भी बढ़ेगी। राज्य के बाकी जिलों के लिए फिलहाल कोई खास मौसमी चेतावनी जारी नहीं की गई है।

समस्तीपुर और बेगूसराय में कोहरे का कहर

पिछले 24 घंटे के दौरान बिहार के समस्तीपुर और बेगूसराय में घना कोहरा देखने को मिला। यहां विजिबिलिटी 100 मीटर से भी कम दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिम चंपारण से लेकर दक्षिण बिहार के कई जिलों तक कोहरे का प्रभाव देखने को मिल सकता है।

कोहरे के चलते सुबह के समय सड़कों पर चल रहे वाहनों को परेशानी हो सकती है। ऐसे में कम विजिबिलिटी के दौरान गाड़ी चलाते समय सावधानी बरतने की जरूरत है। खासकर हाईवे और ग्रामीण सड़कों पर सफर करने वालों को सतर्क रहना चाहिए।

दिन में धूप, रात में बढ़ेगी ठिठुरन

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले दो दिनों में बिहार के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं, न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट का भी अनुमान है। इस बदलाव से दिन और रात के तापमान में अंतर बढ़ जाएगा। दोपहर में धूप के कारण हल्की गर्माहट महसूस होगी, जबकि सुबह और देर रात ठंड ज्यादा परेशान कर सकती है।

साफ आसमान और हवा बढ़ा रही ठंड

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, तापमान में इस उतार-चढ़ाव के पीछे दो प्रमुख कारण हैं। पहला, आसमान साफ रहने से दिन में सूर्य की किरणें सीधे जमीन तक पहुंच रही हैं, इसके चलते अधिकतम तापमान बढ़ रहा है। वहीं, रात में धरती की गर्मी तेजी से बाहर निकलने के कारण न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है।

दूसरा कारण उत्तर-पश्चिमी हवाओं का प्रभाव है। पश्चिम और उत्तर-पश्चिम दिशा से आने वाली ठंडी हवाएं सुबह और रात के तापमान को प्रभावित कर रही हैं। हवा की दिशा और गति में बदलाव के साथ आने वाले दिनों में ठंड का असर और बढ़ने की संभावना है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article