अध्यात्म

सामा-चकेवा पर्व की कहानी क्या है? आगे पढ़ें भाई-बहन के अटूट प्रेम और त्याग की अनोखी कथा

Sama Chakeva ki Kahani: सामा-चकेवा मिथिलांचल का प्रसिद्ध लोकपर्व है, जो भाई-बहन के अटूट प्रेम और त्याग का प्रतीक है। यह पर्व लोकगीतों और मिट्टी की प्रतिमाओं साथ मनाया जाता है। आगे पढ़ें सामा-चकेवा की पौराणिक कथा।

Image

सामा-चकेवा की कहानी

Sama Chakeva ki Kahani: मिथिलांचल की मिट्टी में लोकसंस्कृति की एक ऐसी परंपरा रची-बसी है, जिसमें भाई-बहन के रिश्ते की मिठास, प्रेम और त्याग की अनूठी झलक दिखाई देती है। यह परंपरा है सामा-चकेवा की, जिसका इंतजार कार्तिक महीने में मिथिलांचल की महिलाएं और बेटियां पूरे उत्साह से करती हैं। शाम ढलते ही गांवों में लोकगीतों की गूंज सुनाई देने लगती है और मिट्टी से बनी रंग-बिरंगी आकृतियां इस पर्व की रौनक बढ़ा देती हैं।

सामा-चकेवा केवल एक लोकपर्व नहीं, बल्कि भाई-बहन के अटूट विश्वास और एक-दूसरे के लिए समर्पण का प्रतीक है। इसके पीछे भगवान श्रीकृष्ण की पुत्री सामा और उनके भाई से जुड़ी एक मार्मिक पौराणिक कथा प्रचलित है। आखिर क्यों सामा को पक्षी बनना पड़ा था और कैसे उनके भाई ने उन्हें इस श्राप से मुक्ति दिलाई? आइए जानते हैं इस लोकपर्व की रोचक कथा और इसका धार्मिक-सांस्कृतिक महत्व।

सामा-चकेवा की पौराणिक कथा

लोकमान्यताओं के अनुसार, सामा भगवान श्रीकृष्ण की पुत्री थीं। उन्हें वृंदावन के जंगलों में घूमना और वहां खेलना बेहद पसंद था। वह प्रतिदिन जंगल में जाया करती थीं। एक दिन चुगला नाम के व्यक्ति ने भगवान श्रीकृष्ण के सामने सामा को लेकर झूठी बात कह दी। उसने श्रीकृष्ण से कहा कि उनकी बेटी जंगल में किसी साधु से मिलने जाती है। यह बात सुनकर भगवान श्रीकृष्ण क्रोधित हो गए। बिना सच्चाई जाने उन्होंने अपनी पुत्री सामा को पक्षी बन जाने का श्राप दे दिया।

श्राप के कारण सामा को पक्षी का रूप धारण करना पड़ा और वह वृंदावन के जंगल में ही रहने लगीं। इस घटना से उनके परिवार में दुख छा गया। कुछ समय बाद जब सामा के भाई चकेवा को इस पूरी घटना का पता चला, तो वह अपनी बहन की दुर्दशा देखकर बेहद दुखी हुए। उन्हें यह बात कचोटने लगी कि एक व्यक्ति की झूठी चुगली के कारण उनकी बहन को इतना बड़ा कष्ट झेलना पड़ रहा है।

अपनी बहन को श्राप से मुक्त कराने के लिए चकेवा ने भगवान की कठिन तपस्या शुरू कर दी। उनकी भक्ति और समर्पण से प्रसन्न होकर भगवान प्रकट हुए और उनसे वरदान मांगने को कहा। इस पर चकेवा ने अपने लिए कुछ भी मांगने के बजाय अपनी बहन सामा को वापस देने का वरदान मांगा। भाई के इस निस्वार्थ प्रेम और त्याग से प्रसन्न होकर भगवान ने सामा को श्राप से मुक्त कर दिया। इसके बाद सामा फिर से अपने पुराने स्वरूप में लौट आईं।

मान्यता है कि इसी पौराणिक प्रसंग की याद में सामा-चकेवा का पर्व मनाया जाता है। यह त्योहार भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और स्नेह का प्रतीक है। इस अवसर पर बहनें अपने भाइयों की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और खुशहाल जीवन की कामना करती हैं। वहीं, यह पर्व संदेश देता है कि भाई-बहन का रिश्ता हर परिस्थिति में एक-दूसरे का साथ निभाने और त्याग करने की प्रेरणा देता है।

कार्तिक पूर्णिमा पर होता है पर्व का समापन

सामा-चकेवा का पर्व कार्तिक महीने में शुरू होता है और कार्तिक पूर्णिमा के दिन इसका समापन होता है। इस दौरान कई दिनों तक महिलाएं सामूहिक रूप से पूजा-पाठ और लोकगीतों की परंपरा निभाती हैं। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर सामा-चकेवा की मिट्टी की आकृतियों का पारंपरिक रीति से विसर्जन किया जाता है। इसके साथ ही पर्व का समापन होता है। यह अवसर भाई-बहन के प्रेम और परिवार की खुशहाली की कामना से जुड़ा माना जाता है।

gulshan kumar
गुलशन कुमारauthor

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लोगों की जीवनशैली, सेहत और वेलनेस से जुड़े विषयों पर लगातार काम कर रहे हैं। गुलशन अबतक 2,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। उनके लेखों में आसान भाषा में दी गई जानकारी, रिसर्च-बेस्ड टिप्स और रोजमर्रा की सेहत से जुड़े विषयों की स्पष्ट समझ दिखाई देती है। हेल्थ अवेयरनेस को बढ़ावा देना, फिटनेस को सरल तरीके से समझाना और बेहतर लाइफस्टाइल के लिए उपयोगी सुझाव देना—गुलशन की लेखन शैली की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article