Meerut Suspect Uzaid Arrested: कश्मीरी आतंकवादी नेटवर्क मामले में पुलिस ने मेरठ के रहने वाले एक संदिग्ध उजेद को पकड़ा है। उजेद का संपर्क पाकिस्तानी गैंगस्टर और आतंकी हैंडलर शहजाद भट्टी से होने की बात भी सामने आई है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, वो पिछले करीब छह महीने से जम्मू-कश्मीर में गिरफ्तार किए गए संदिग्ध आतंकी मोहम्मद साजिद के ऑनलाइन संपर्क में था। सुरक्षा एजेंसियों उजेद पाकिस्तान के कई मोबाइल नंबरों के संपर्क में होने के इनपुट भी मिले थे।
संदिग्ध आतंकी मोहम्मद साजिद से पूछताछ में आया नाम
उजेद मेरठ के कोतवाली थाना क्षेत्र के बनियापाड़ा का रहने वाला है। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने संदिग्ध आतंकी मोहम्मद साजिद से पूछताछ के दौरान उसके संपर्क में उजेद का नाम सामने आने के बाद जांच शुरू की थी। बताया जा रहा है कि जनवरी में जम्मू-कश्मीर पुलिस की एक टीम उसे पकड़ने के लिए मेरठ पहुंची थी, लेकिन उस समय वह पुलिस के हाथ नहीं लगा था।
पुलिस कार्रवाई की भनक लगने के बाद उजेद और उसका परिवार घर पर ताला लगाकर फरार हो गया था। परिवार के सदस्यों ने अपने मोबाइल नंबर भी बंद कर लिए थे। पुलिस ने घर पर नोटिस चस्पा कर उसे बयान दर्ज कराने के लिए भी बुलाया था। उजेद की गिरफ्तारी के बाद आईबी, एटीएस और इंटेलिजेंस की टीमों ने उससे कई घंटे तक पूछताछ की। इस मामले की एक अहम कड़ी मोहम्मद साजिद है, जिसे जम्मू-कश्मीर पुलिस ने 27 नवंबर 2025 को गिरफ्तार किया था।
जम्मू के बाहु फोर्ट थाने की पुलिस ने रियासी के जेडी पंदाल निवासी 19 साल के मोहम्मद साजिद समेत दो संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया था। साजिद पर युवाओं को कट्टरपंथ से जोड़ने और आतंकी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप हैं। जांच में उसके पाकिस्तान में बैठे आतंकी हैंडलर शहजाद भट्टी के संपर्क में होने की बात सामने आई थी। साजिद जम्मू के बठिंडी इलाके में रहकर नीट की तैयारी कर रहा था। उसके पिता असलम सीआरपीएफ में हैं और दिल्ली में तैनात हैं। साजिद से पूछताछ के दौरान ही मेरठ के उजेद का नाम सामने आया था। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू कर दी थी।
