तमिलनाडु के थेनी जिले में कानून और व्यवस्था से जुड़ी एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। यहां सड़क पर पटाखे जलाने से रोकने पर एक पुलिस स्पेशल सब इंस्पेक्टर की कुछ लोगों ने जान ले ली। यहां ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहे पुलिस स्पेशल सब-इंस्पेक्टर (SSI) सेंथिल कुमार की युवाओं के एक समूह के साथ हुई धक्का-मुक्की के बाद मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल तीन स्थानीय युवकों को गिरफ्तार कर लिया है।
सड़क पर पटाखा फोड़ने से किया था मना
साउथ जोन के आईजी (IG) विजयेन्द्र बिदारी के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (DSP) कार्यालय में कार्यरत एसएसआई सेंथिल कुमार अपनी ड्यूटी खत्म करके सादे कपड़ों में घर लौट रहे थे।
रास्ते में उन्होंने देखा कि कुछ युवक एक आम सड़क पर पटाखा फोड़ रहे हैं, जिससे वहाँ से गुजर रहे आम नागरिकों को परेशानी और खतरा हो रहा था। एसएसआई सेंथिल कुमार ने युवाओं को समझाते हुए सड़क से हटकर पटाखे फोड़ने की सलाह दी। जब युवकों ने उनकी बात नहीं मानी, तो उन्होंने अपने मोबाइल फोन से उनकी गतिविधियों को रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया।जब सेंथिल कुमार ने एक युवक को पकड़ने की कोशिश की, तो उनमें से एक ने उन्हें जोर से कोहनी मार दी। इसके चलते वे अपना संतुलन खो बैठे और जमीन पर गिर पड़े।
अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
घटना के तुरंत बाद पास से गुजर रही गश्ती पुलिस टीम मौके पर पहुंची और अचेत अवस्था में पड़े सेंथिल कुमार को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों के अथक प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और उन्होंने दम तोड़ दिया।
आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही थेनी जिले के पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच के आदेश दिए। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल इलाके के 3 युवकों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, दिवंगत एसएसआई सेंथिल कुमार को पहले से ही दिल की बीमारी थी, और गिरने के कारण उनकी स्थिति बिगड़ गई।
