Iraq Khor Mor Gas Field Drone Attack: इराकी कुर्दिस्तान (Iraqi Kurdistan) के सुलेमानिया प्रांत स्थित देश के सबसे प्रमुख खोर मोर (Khor Mor) गैस फील्ड पर एक भीषण विस्फोटक ड्रोन हमला हुआ है। इस हमले के बाद बिजली ग्रिड में अचानक गैस की आपूर्ति बाधित हो गई है, जिससे लगभग 2.8 गीगावाट (2,800 मेगावाट) बिजली उत्पादन ठप हो गया है।
'अल जजीरा' की रिपोर्ट के अनुसार, इस हमले ने पूरे क्षेत्र में गंभीर ऊर्जा आपातकाल (Energy Emergency) की स्थिति पैदा कर दी है, जिससे पांच प्रमुख शहरी केंद्र अंधेरे के मुहाने पर खड़े हो गए हैं।
5 बड़े शहर प्रभावित, पूरी तरह ब्लैकआउट को रोकने की कोशिश
कुर्दिस्तान क्षेत्रीय सरकार (KRG) के बिजली मंत्रालय के प्रवक्ता उम्मीद अहमद ने बताया कि ड्रोन विस्फोट के बाद एहतियातन गैस आपूर्ति तुरंत बंद करनी पड़ी।
प्रभावित शहर: गैस आपूर्ति रुकने से एरबिल (Erbil), सुलेमानिया (Sulaimaniyah), बाजियान (Bazian), चमचमाल (Chamchamal) और दुहोक (Duhok) की मुख्य बिजली इकाइयों को ईंधन मिलना बंद हो गया है।
इमरजेंसी प्रोटोकॉल लागू: पूरे ग्रिड को ध्वस्त होने से बचाने के लिए आपातकालीन कदम उठाए जा रहे हैं। मंत्रालय ने अस्पतालों, वाटर पंपिंग स्टेशनों और अन्य अति-संवेदनशील सार्वजनिक बुनियादी ढांचों को चालू रखने के लिए दोकान (Dokan) और दरबंदीखान (Darbandikhan) बांधों के हाइड्रोइलेक्ट्रिक (जल विद्युत) स्टेशनों और वैकल्पिक ईंधन से चलने वाले संयंत्रों को चालू कर दिया है।
किसने किया हमला? अभी तक कोई जिम्मेदारी नहीं
कुर्द सुरक्षा बलों (Kurdish Security Forces) ने ऊर्जा संयंत्र पर हुए ड्रोन हमले की पुष्टि की है, लेकिन फिलहाल किसी भी सशस्त्र समूह ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। सुरक्षा एजेंसियां परिसर में हुए नुकसान और जनहानि का आकलन कर रही हैं।
उल्लेखनीय है कि उत्तरी इराक का खोर मोर गैस फील्ड थर्मल पावर स्टेशनों के लिए लाइफलाइन माना जाता है और पिछले कुछ वर्षों में इसे बार-बार रॉकेट व ड्रोन हमलों का निशाना बनाया जाता रहा है। बता दें कि यह हमला ऐसे समय पर हुआ है जब कुर्दिस्तान प्रांतीय सरकार और पड़ोसी देश ईरान के बीच उच्चस्तरीय सुरक्षा वार्ता चल रही थी।
